पीएम मोदी ने बांग्लादेश के नए पीएम रहमान को दी बधाई, भारत आने के लिए किया आमंत्रित

पीएम मोदी ने बांग्लादेश के नए पीएम रहमान को दी बधाई, भारत आने के लिए किया आमंत्रित

बांग्लादेश को तारिक रहमान के रूप में नया पीएम मिल गया है। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के अध्यक्ष 60 वर्षीय रहमान ने हाल ही में देश में हुए चुनाव में जीत हासिल करते हुए बांग्लादेश का 11वां पीएम बनना सुनिश्चित किया। मंगलवार को उन्होंने पीएम पद की शपथ ली। चुनाव में जीत के बाद से ही रहमान को कई राष्ट्राध्यक्षों ने बधाई दी है, जिनमें भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हैं। चुनाव में जीत के बाद पीएम मोदी ने रहमान को बधाई दी। वहीं शपथ ग्रहण के बाद पीएम मोदी ने रहमान के नाम एक पत्र लिखा है।

भारत आने के लिए किया आमंत्रित

पीएम मोदी ने पत्र में लिखा, “मैं बांग्लादेश में हाल ही में खत्म हुए पार्लियामेंट्री इलेक्शन में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की जीत और बांग्लादेश के अगले पीएम के तौर पर आपकी नियुक्ति पर आपको बहुत-बहुत बधाई देता हूं, तारिक रहमान। मैं इस पद की बड़ी ज़िम्मेदारियों को संभालने में आपकी हर सफलता की कामना करता हूँ। मैं आपके साथ मिलकर काम करने का इंतज़ार कर रहा हूं ताकि हमारे कई तरह के आपसी रिश्तों को मज़बूत किया जा सके। क्षेत्रीय कोऑपरेशन को बढ़ाया जा सके और कनेक्टिविटी, ट्रेड, टेक्नोलॉजी, एजुकेशन, स्किल डेवलपमेंट, एनर्जी, हेल्थकेयर, साथ ही कल्चरल और लोगों के बीच मेल-जोल जैसे बड़े एरिया में हमारे कॉमन गोल्स को आगे बढ़ाया जा सके। मैं इस मौके पर आपको, डॉ. ज़ुबैदा रहमान और आपकी बेटी ज़ैमा के साथ, आपसी सहमति से तय समय पर भारत आने का आमंत्रण देता हूं। भारत आपका स्वागत करने के लिए तैयार है।”

क्या रहमान के कार्यकाल में सुधरेंगे दोनों देशों के संबंध?

मुहम्मद यूनुस के कार्यकाल में भारत और बांग्लादेश के संबंध काफी बिगड़ गए थे। अब रहमान के पीएम बनने के बाद यह उम्मीद जताई जा रही है कि दोनों देशों के बीच संबंधों में सुधार होगा। पीएम मोदी का रहमान को जीत की बधाई देना और भारत आने का आमंत्रण देना इस बात की ओर इशारा करता है कि भारत, बांग्लादेश से संबंधों को फिर से मज़बूत करने के लिए तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *