Places in India Where Tourism Restricted: भारत को अक्सर रंग-बिरंगी संस्कृति, ऐतिहासिक इमारतों और खूबसूरत प्राकृतिक नजारों के लिए जाना जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसी देश में कुछ ऐसी जगहें भी हैं जो टूरिस्ट मैप पर होने के बावजूद आम लोगों के लिए बंद हैं?इन इलाकों में घूमने पर रोक इसलिए है क्योंकि यहां राष्ट्रीय सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण, धार्मिक आस्था और स्थानीय समुदायों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाती है। ये जगहें हमें याद दिलाती हैं कि हर खूबसूरत लोकेशन को एक्सप्लोर करना जरूरी नहीं कुछ को सुरक्षित छोड़ देना ही बेहतर होता है।आइए जानते हैं भारत की ऐसी ही चार खास जगहों के बारे में, जहां टूरिज्म पर सरकारी पाबंदी है।
सियाचिन ग्लेशियर, लद्दाख (Siachen Glacier, Ladakh)
सियाचिन ग्लेशियर दुनिया का सबसे ऊंचा युद्ध क्षेत्र है और भारत की सुरक्षा के लिए बहुत ही संवेदनशील इलाका माना जाता है। यहां मौसम बेहद कठोर होता है और हालात जानलेवा हो सकते हैं, इसलिए आम लोगों का यहां जाना पूरी तरह मना है। सियाचिन में सिर्फ सेना के जवान और विशेष अनुमति वाले वैज्ञानिक ही जा सकते हैं। हालांकि, सियाचिन बेस कैंप के पास बना सिविल टूरिस्ट जोन आम पर्यटकों के लिए खुला है, जहां बिना किसी खास परमिट के जाया जा सकता है।
अरुणाचल प्रदेश के आरक्षित वन क्षेत्र (Reserved Forests of Arunachal Pradesh)
अरुणाचल प्रदेश अपने घने जंगलों, अनोखे वन्यजीवों और आदिवासी संस्कृति के लिए जाना जाता है। लेकिन यहां के कुछ रिजर्व फॉरेस्ट इलाके आम पर्यटकों के लिए बंद रहते हैं। इन क्षेत्रों में दुर्लभ ऑर्किड, लुप्तप्राय जानवर और स्थानीय जनजातियां रहती हैं। इसलिए इन जगहों पर जाने के लिए प्रशासन से खास अनुमति लेना जरूरी होता है, ताकि प्रकृति और परंपराओं की सुरक्षा बनी रहे।
नॉर्थ सेंटिनल आइलैंड, अंडमान और निकोबार (North Sentinel Island, Andaman & Nicobar Islands)
दुनिया की सबसे रहस्यमयी जगहों में गिना जाने वाला नॉर्थ सेंटिनल आइलैंड सेंटिनलीज जनजाति का घर है। यह जनजाति आज भी बाहरी दुनिया से पूरी तरह अलग-थलग रहती है।भारत सरकार ने यहां किसी भी तरह की एंट्री पर सख्त रोक लगा रखी है, ताकि जनजाति की जीवनशैली और उनकी सेहत सुरक्षित रह सके। न तो पर्यटक और न ही शोधकर्ता यहां जा सकते हैं। बस दूर से देखा जा सकता है और शायद यही इसकी सबसे बड़ी खूबसूरती है।
अमरनाथ गुफा का आंतरिक क्षेत्र, जम्मू-कश्मीर (Amarnath Cave)
अमरनाथ यात्रा हर साल लाखों श्रद्धालुओं को आकर्षित करती है। हालांकि, अमरनाथ गुफा के अंदर के कुछ हिस्से आम पर्यटकों के लिए प्रतिबंधित हैं।इन क्षेत्रों को बहुत पवित्र माना जाता है और यहां प्रवेश सीमित रखने का मकसद धार्मिक मर्यादा बनाए रखना और भारी भीड़ को नियंत्रित करना है। यह प्रतिबंध श्रद्धा और सुरक्षा दोनों को ध्यान में रखकर लगाया गया है।


