कोटा शहर पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। एक अवैध देशी पिस्टल के साथ पकड़ा कोटा सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया कि पहले मामले में थाना आर.के. पुरम पुलिस ने गश्त और चेकिंग के दौरान हाड़ी रानी सर्किल क्षेत्र में एक संदिग्ध युवक को पकड़ा। मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को देखते ही युवक भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम सत्यनारायण उर्फ सत्तू निवासी सीमलिया बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक अवैध देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। आरोपी किसी बड़ी वारदात की फिराक में था। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी गिरफ्तार सिटी एसपी ने बताया कि वहीं दूसरे मामले में थाना भीमगंजमंडी पुलिस ने “ऑपरेशन गरुड़व्यूह” के तहत कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट में वांछित 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी चन्द्र प्रकाश धाकड़ उर्फ चंदू को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ अफीम डोडा चूरा तस्करी का मामला दर्ज था। पूर्व में पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में उसका नाम सामने आया था। पुलिस ने तकनीकी साधनों और आसूचना के आधार पर आरोपी को ट्रेस कर गिरफ्तार किया। फिलहाल आरोपी से मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त को लेकर पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि अवैध हथियार और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।


