लुधियना जिले के जगराओं के गांव कोठे हरि सिंह में दीवार गिराने को लेकर हुए विवाद में गोली चलने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने सरपंच के बेटे सहित दोनों पक्षों के लोगों के खिलाफ थाना सिटी में मामला दर्ज किया है। इस मामले में अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, पहले पक्ष के सुरजीत सिंह की शिकायत पर इंद्रजीत सिंह निवासी कोठे हरि सिंह, जगराओं, राहुल और बागेश निवासी नांगल डैम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 125, 351(2), 3(5) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप है कि विवाद के दौरान एक युवक छत पर चढ़ गया और पिस्तौल से हवा में फायर कर जान से मारने की धमकियां दीं। छत पर चढ़कर दी धमकियां वहीं, दूसरे पक्ष के इंदरजीत सिंह की शिकायत पर सुरजीत सिंह, गुरशरणजीत सिंह उर्फ राहुल (जो सरपंच का बेटा है), दलजिंदर सिंह उर्फ काला और सतनाम सिंह उर्फ सत्ता के खिलाफ बीएनएस की धारा 331(6), 351(2), 3(5) के तहत केस दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी उनके घर छत पर आकर धमकिया दे रहे थे थाना सिटी के एएसआई रणधीर सिंह ने बताया कि यह घटना 9 मार्च की है। पुलिस को सूचना मिलने के बाद जांच की गई और दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले दर्ज किए गए। उन्होंने बताया कि कुछ आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है। पुलिस कर चुकी 6 आरोपियों को अरेस्ट जांच अधिकारी ने आगे बताया कि पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी सतनाम सिंह उर्फ सत्ता अभी फरार है। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों से एक 32 बोर की पिस्तौल, 6 कारतूस और मौके से एक खाली खोल बरामद किया है। उल्लेखनीय है कि 9 मार्च की रात को दो भाइयों के बीच झगड़े के दौरान गोली चलने से शहर में दहशत का माहौल बन गया था। गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराते हुए कुछ लोगों को हिरासत में लिया था।


