मंदसौर शहर में पशुपतिनाथ MCC क्रिकेट क्लब द्वारा आयोजित 8 दिवसीय टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट का मंगलवार को फाइनल मुकाबले के साथ भव्य समापन हुआ। इस प्रतियोगिता में जिलेभर के लगभग 350 युवा खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। 8 से 16 फरवरी तक चला टूर्नामेंट, 17 को हुआ फाइनल टूर्नामेंट की शुरुआत 8 फरवरी को हुई थी, जो 16 फरवरी तक विभिन्न मुकाबलों के साथ जारी रहा। 17 फरवरी को खेले गए रोमांचक फाइनल मैच के साथ प्रतियोगिता का समापन हुआ। प्रतियोगिता में शामगढ़, बेलारी, लदुना, सीतामऊ, पिपलिया मंडी एवं मंदसौर जिले की प्रमुख टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबला: पिपलिया मंडी ने दिखाई दमदार बल्लेबाजी फाइनल मुकाबला मंदसौर और पिपलिया मंडी की टीमों के बीच खेला गया। पिपलिया मंडी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 ओवर में 81 रन बनाए और मंदसौर के सामने 82 रनों का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मंदसौर की टीम निर्धारित ओवरों में 60 रन ही बना सकी। इस तरह पिपलिया मंडी ने 20 रन से जीत दर्ज कर टूर्नामेंट की ट्रॉफी अपने नाम की। विनय नेकाड़ी रहे टूर्नामेंट के स्टार खिलाड़ी पूरे टूर्नामेंट में विनय नेकाड़ी का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। उन्हें बेस्ट बॉलर, प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट और फाइनल मैच में मैन ऑफ द मैच का खिताब प्रदान किया गया। इसके अलावा, बेस्ट बैट्समैन का पुरस्कार सूर्यदेव सिंह को, बेस्ट फील्डर का सम्मान साहिल माली को दिया गया। अधिकारियों की रही विशेष उपस्थिति फाइनल मुकाबले के दौरान सीआईडी अधिकारी विकास मालवीय एवं उप निरीक्षक नितिन कुमावत सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और विजेता टीम को बधाई दी। युवाओं में खेल के प्रति बढ़ा उत्साह टूर्नामेंट के सफल आयोजन से जिले के युवाओं में खेल भावना और प्रतिस्पर्धा का उत्साह बढ़ा है। आयोजकों ने सभी टीमों, खिलाड़ियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने की बात कही।


