Pineapple Benefits for Men: क्या अनानास खाने से बढ़ता है स्पर्म काउंट? डॉक्टर ने बताया वायरल दावे की सच्चाई

Pineapple Benefits for Men: क्या अनानास खाने से बढ़ता है स्पर्म काउंट? डॉक्टर ने बताया वायरल दावे की सच्चाई

Pineapple Benefits for Men: आज के समय में सोशल मीडिया पर सेहत से जुड़ी कई तरह की सलाहें देखने को मिलती हैं। कई लोग बुखार से लेकर फर्टिलिटी जैसी गंभीर समस्याओं तक के लिए इंटरनेट और सोशल मीडिया पर भरोसा करने लगते हैं, जबकि सही जानकारी के लिए डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी होता है।

इन दिनों सोशल मीडिया पर एक दावा काफी वायरल हो रहा है कि अनानास (पाइनएप्पल) खाने से पुरुषों की फर्टिलिटी बढ़ती है और स्पर्म हेल्थ बेहतर होती है। क्योंकि यह फल पौष्टिक माना जाता है और आसानी से मिल जाता है, इसलिए कई लोग मान लेते हैं कि इसे खाने से स्पर्म काउंट और प्रजनन क्षमता में सुधार हो सकता है। लेकिन फर्टिलिटी एक्सपर्ट्स का कहना है कि सच्चाई इतनी आसान नहीं है। डॉ. पारुल गुप्ता, के अनुसार, “अनानास एक हेल्दी फल जरूर है, लेकिन यह पुरुषों की बांझपन की समस्या का कोई जादुई इलाज नहीं है। सिर्फ अनानास खाने से फर्टिलिटी की समस्या ठीक नहीं हो सकती।”

अनानास को फर्टिलिटी से क्यों जोड़ा जाता है?

अनानास में कई पोषक तत्व पाए जाते हैं, जिनकी वजह से लोग इसे फर्टिलिटी से जोड़ने लगते हैं। इसमें मौजूद कुछ महत्वपूर्ण तत्व हैं। विटामिन C, जो एक शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट है। ब्रोमेलेन नाम का एंजाइम, जिसमें सूजन कम करने वाले गुण होते हैं। मैंगनीज और फोलेट जैसे माइक्रोन्यूट्रिएंट्स शामिल है। एंटीऑक्सीडेंट शरीर में होने वाले ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को कम करने में मदद करते हैं, जो स्पर्म के डीएनए को नुकसान पहुंचा सकता है। इसी वजह से कुछ लोग मान लेते हैं कि अनानास खाने से सीधे स्पर्म काउंट बढ़ जाता है। लेकिन डॉक्टरों का कहना है कि अभी तक ऐसा कोई मजबूत वैज्ञानिक सबूत नहीं है जिससे यह साबित हो सके कि अनानास खाने से स्पर्म काउंट, स्पर्म की गति या फर्टिलिटी बेहतर हो जाती है।

अनानास और फर्टिलिटी से जुड़े कुछ आम मिथक

मिथक 1: अनानास खाने से स्पर्म काउंट बढ़ता है

सच्चाई यह है कि अनानास में मौजूद विटामिन और एंटीऑक्सीडेंट शरीर के लिए फायदेमंद होते हैं, लेकिन सिर्फ अनानास खाने से स्पर्म काउंट नहीं बढ़ता। स्पर्म बनने की प्रक्रिया कई चीजों पर निर्भर करती है, जैसे हार्मोन, लाइफस्टाइल, जेनेटिक्स और संतुलित आहार।

मिथक 2: रोज अनानास खाने से पुरुषों की बांझपन की समस्या ठीक हो जाती है

डॉक्टरों के मुताबिक पुरुषों में बांझपन कई कारणों से हो सकता है, जैसे कम स्पर्म काउंट, स्पर्म की कम गति, हार्मोनल गड़बड़ी या संक्रमण। ऐसी स्थिति में किसी एक फल से समस्या का समाधान नहीं होता।

मिथक 3: अनानास खाने से तुरंत स्पर्म क्वालिटी बेहतर हो जाती है

यह भी गलत धारणा है। स्पर्म बनने की पूरी प्रक्रिया में लगभग 90 दिन लगते हैं। इसलिए डाइट या लाइफस्टाइल में किए गए बदलाव का असर दिखने में समय लगता है।

पुरुषों की फर्टिलिटी के लिए क्या ज्यादा जरूरी है?

डॉक्टरों के अनुसार फर्टिलिटी बेहतर करने के लिए किसी एक फल पर भरोसा करने के बजाय पूरे लाइफस्टाइल पर ध्यान देना जरूरी है। इसके लिए कुछ जरूरी बातें हैं:

  • शरीर का वजन संतुलित रखना
  • धूम्रपान और ज्यादा शराब से बचना
  • तनाव कम रखना
  • पर्याप्त नींद लेना
  • संतुलित और पौष्टिक आहार लेना
  • नियमित व्यायाम करना

इसलिए अगली बार अगर सोशल मीडिया पर अनानास और फर्टिलिटी से जुड़ा कोई दावा दिखाई दे, तो उस पर तुरंत भरोसा न करें। सही जानकारी के लिए हमेशा डॉक्टर या फर्टिलिटी एक्सपर्ट से सलाह लेना ही बेहतर होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *