Benjamin Netanyahu death rumours: इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू की मौत को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार तमाम तरह की अफवाहें चल रही हैं। इजरायली पीएम कार्यालय ने भी इस तरह की खबरों को खारिज कर दिया है। इसी बीच सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीर वायरल हो रही है, जिसमें वे कैफे में कॉफी पीते हुए नजर आ रहे हैं।
दरअसल, येरुशलम के कैफे द सताफ ने इंस्टाग्राम पर तस्वीरें पोस्ट कीं, जिनमें इजरायली पीएम नेतन्याहू कॉफी का आनंद लेते नजर आ रहे हैं। इन तस्वीरों के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैल रही अटकलों पर विराम लग गया।
पोस्ट में क्या लिखा है?
कैफे ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए लिखा कि आज प्रधानमंत्री और उनके कार्यालय का सताफ में स्वागत करके हमें बहुत खुशी हुई। अब आपको पता है कि किस बेकरी में आना है।
शांति की कामना
अपने पोस्ट में ईरान के साथ जारी युद्ध को लेकर कैफे ने शांति की कामना भी की। पोस्ट में कहा कि सबसे अहम बात यह है कि खूबसूरत और शांत दिन लौटें। हम यहां से रिजर्व सैनिक, IDF और सुरक्षा व बचाव बलों के सील और उनके परिवारों को प्यार भरा सलाम बताते हैं।
सोशल मीडिया पर मौत की अफवाह
दरअसल, हाल के दिनों में इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बाद सोशल मीडिया पर यह अफवाह फैल गई थी कि नेतन्याहू की मौत हो गई है।
कुछ पोस्ट में दावा किया गया कि ईरान की जवाबी कार्रवाई में प्रधानमंत्री को जिम्मेदार ठहराया गया। इसके बाद कई अपुष्ट पोस्ट वायरल हुए, जिनमें कहा गया कि नेतन्याहू या तो मारे गए हैं या गंभीर रूप से घायल हैं।
डीपफेक को लेकर भी उठ रहा सवाल
इसी बीच कैफे में नेतन्याहू के बातचीत करते हुए एक और वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई। दरअसल, विवाद तब और बढ़ गया जब ग्रोक AI ने एक यूजर के सवाल के जवाब में दावा किया कि यह वीडियो 100% डीपफेक हो सकता है।
चैटबॉट के इस जवाब के वायरल होने के बाद वीडियो की असलियत को लेकर भ्रम और बढ़ गया। हालांकि अब तक किसी आधिकारिक स्रोत ने इस वीडियो को फर्जी नहीं बताया है।


