हरदोई के शाहाबाद-पाली मार्ग पर शुक्रवार को एक सड़क हादसे में 17 वर्षीय छात्र विजय कुमार की मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब गर्रा पुल पर रील बनाने गए पांच युवकों की दो बाइकों को एक तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में चार अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, भाहपुर गांव निवासी शोभित और संतोष पंत इंटर कॉलेज में कक्षा 12 के छात्र हैं। शुक्रवार दोपहर लगभग 3 बजे व्यावसायिक वर्ग का प्रैक्टिकल देने के बाद उन्होंने अपने साथी विजय, पृथ्वीराज और अभिषेक को पाली बुलाया। इसके बाद पांचों युवक दो बाइकों पर सवार होकर गर्रा पुल पर रील बनाने के लिए निकले। रील बनाकर वापस लौटते समय नगर पंचायत स्वागत द्वार के पास सामने से आ रहे एक अनियंत्रित पिकअप ने उनकी दोनों बाइकों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप सड़क किनारे खंती में जा गिरी, जबकि बाइक सवार पांचों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल पीएचसी भेजा, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में विजय कुमार की हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ रेफर किया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। अन्य घायल युवकों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस हादसे के पीछे गर्रा पुल के पास अवैध रूप से लगने वाली मछली मंडी और सड़क किनारे खड़े वाहनों को भी एक कारण माना जा रहा है। थानाध्यक्ष सोमपाल गंगवार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पिकअप चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।


