अजमेर जिले के नसीराबाद स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 48 पर एक तेज रफ्तार पिकअप ने नसीराबाद सदर थाने की सरकारी जीप के पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। जिससे पुलिस जीप में सवार जीप चालक और एएसआई घायल हो गए। हादसे में दोनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए जिनका स्थानीय अस्पताल में उपचार करवाया गया। टक्कर लगने से थाने की जीप भी क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पिकअप को जब्त कर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार नसीराबाद सदर थाने के एएसआई राजेंद्र शर्मा हाइवे पर गश्त करते हुए झड़वासा की ओर से आ रहे थे। इसी दौरान कोटाबाईपास चौराहे स्थित पुलिया के पास पीछे से आई एक छोले से भरी तेज रफ्तार पिकअप जीप के चालक ने तेजी व लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए पुलिस जीप के पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। जिससे पुलिस जीप टक्कर से आगे चलकर नाले में गिर गई। दुर्घटना में पुलिस जीप में सवार एएसआई राजेंद्र शर्मा, जीप चालक कांस्टेब राजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए और कांस्टेबल महिपाल सकुशल बच गए। दुर्घटना में एएसआई राजेंद्र शर्मा के हाथ कंधे और पैर में चोटे आई तथा चालक राजेंद्र के सिर में गंभीर चोट लगी और पुलिस जीप क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद दोनों पुलिसकर्मियों को नसीराबाद के राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया जहां से दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद जेएलएन अस्पताल अजमेर रैफर कर दिया गया। घटना के बाद सदर थाना पुलिस ने टक्कर मारने वाली पिकअप जीप को जब्त कर पिकअप चालक ग्राम मुहामी निवासी हेमसिंह पुत्र रतन सिंह के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी। (इनपुट-सुधीर मित्तल,रियाज अहमद, नसीराबाद)


