अलवर पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए दिल्ली से चोरी कर अलवर लाई जा रही एक पिकअप को बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक अलवर सुधीर चौधरी ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय काबले शरण गोपीनाथ और वृत्ताधिकारी उत्तर शहर अंगद शर्मा के सुपरविजन में वैशाली नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली कि अरावली विहार फ्लैटों के पीछे डूंगर फार्म हाउस के पास एक सफेद रंग की पिकअप खड़ी है, जिसमें दो युवक बैठे हुए हैं। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने वाहन के कागजात मांगे, लेकिन आरोपी कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सके। कड़ी पूछताछ में दोनों ने पिकअप को दिल्ली से चोरी कर अलवर में बेचने के लिए लाना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी आजाद (25) और तौफिक (30) निवासी महराना, थाना बरसाना जिला मथुरा (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर पिकअप जब्त कर ली। मामले में आगे की जांच जारी है।


