उज्जैन में श्री लश्करी प्रजापति कुम्हार कल्याण समिति द्वारा समाज का होली मिलन (फाग उत्सव) समारोह नीलगंगा स्थित धर्मशाला में धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत समाज की मातृशक्तियों द्वारा भव्य फूलपाती चल समारोह के साथ हुई, जिसमें सैकड़ों महिलाएं शामिल हुईं। यह यात्रा धर्मशाला से निकलकर नीलगंगा हनुमान मंदिर तक पहुंची और पुनः धर्मशाला पर समापन हुआ। इस आयोजन की विशेषता रही कि पारंपरिक रंग-गुलाल की जगह गुलाब के फूलों से होली खेली गई, जिसने सभी का मन मोह लिया।
अतिथियों के स्वागत के साथ सांस्कृतिक वातावरण
कार्यक्रम का शुभारंभ समाज की आराध्य देवी श्री यादें मां के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथियों में वरिष्ठ समाजसेवी गेंदालाल भगत, लक्ष्मीनारायण (मुन्नाभैया) प्रजापति सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। समाज अध्यक्ष राजू बाबा ने अतिथियों का साफा, दुपट्टा और मोतियों की माला पहनाकर स्वागत किया तथा अपने कार्यकाल में किए गए समाजहित कार्यों की जानकारी दी।
इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजनों एवं मातृशक्तियों का भी शॉल, श्रीफल और सम्मान पत्र देकर अभिनंदन किया गया, जिससे समारोह में सम्मान और अपनत्व का माहौल बना रहा।
प्रतिभाओं को मिला मंच और सम्मान
समारोह के दौरान समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं और खेल प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। 9वीं से 12वीं तक 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ ही खिलाड़ियों को भी प्रोत्साहित किया गया। हर्षित प्रजापति ने राज्य स्तरीय कुश्ती में स्वर्ण पदक जीतकर समाज का नाम रोशन किया, वहीं तनिष्क प्रजापति ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सम्मान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में वार्षिक आय-व्यय का विवरण भी प्रस्तुत किया गया। संचालन महासचिव गुलाब प्रजापति और सचिव संदीप प्रजापति ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन महामंत्री बबलू प्रजापति द्वारा किया गया। आयोजन में इंदौर, महू, धार और सनावद सहित विभिन्न क्षेत्रों के समाज प्रतिनिधियों की भी विशेष उपस्थिति रही।


