Petrol Diesel Price: ट्रंप का एक बयान और कच्चे तेल में फिर लग गई आग, जानिए देश में किस भाव बिक रहा पेट्रोल-डीजल

Petrol Diesel Price: ट्रंप का एक बयान और कच्चे तेल में फिर लग गई आग, जानिए देश में किस भाव बिक रहा पेट्रोल-डीजल

Petrol Diesel Price: ईरान का तेल छीन लूंगा… यह बयान किसी फिल्म का डायलॉग नहीं है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एयरफोर्स वन पर बैठे-बैठे कह दिया कि उनकी पसंदीदा चीज ईरान का तेल है और वे इसे ले लेंगे। खास तौर पर उन्होंने खार्ग द्वीप का जिक्र किया, जो ईरान के 90 फीसदी तेल निर्यात का मुख्य केंद्र है। बस इतना काफी था और सोमवार को ब्रेंट क्रूड 3.7 फीसदी उछलकर 116.75 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। WTI क्रूड भी 100 डॉलर के पार निकल गया।

रुकने का नाम नहीं ले रहा युद्ध

मार्च महीने में ब्रेंट क्रूड करीब 60 फीसदी चढ़ा है। यह तीसरा लगातार महीना है, जब तेल के दाम ऊपर गए हैं। अमेरिका ने कूटनीतिक कोशिशें कीं, लेकिन जमीन पर हालात बिगड़ते ही जा रहे हैं। इस हफ्ते एक नया मोर्चा खुला है। यमन के हूती लड़ाकों ने इजराइल पर मिसाइल हमले किए और कहा कि जब तक ईरान और उसके समर्थित गुटों पर हमले बंद नहीं होते, वे भी नहीं रुकेंगे। लाल सागर में 2023 में गाजा युद्ध के बाद हूतियों ने पश्चिमी जहाजों के लिए रास्ता बंद कर दिया था। अब अगर सऊदी अरब के यनबू से निकलने वाले तेल पर भी खतरा आया तो दुनियाभर में तेल की किल्लत और बढ़ सकती है।

SS WealthStreet की संस्थापक सुगंधा सचदेवा कहती हैं कि बाजार पूरी तरह से जियोपॉलिटिक्स के हाथों में है। उनके मुताबिक ब्रेंट क्रूड के लिए 93 और 73 डॉलर पर मजबूत सपोर्ट है, लेकिन ऊपर की तरफ 120 डॉलर दोबारा संभव है। अगर हालात और बिगड़े तो 150 डॉलर से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

भारत में पेट्रोल-डीजल के दाम

इतनी उथल-पुथल के बावजूद आम आदमी को अभी राहत है। 30 मार्च को भारत के प्रमुख शहरों में पेट्रोल और डीजल के दाम नहीं बदले। सरकार ने पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी 13 रुपये से घटाकर 3 रुपये प्रति लीटर कर दी है और डीजल पर 10 रुपये की ड्यूटी पूरी तरह हटा ली है। यह कदम इसलिए उठाया गया ताकि अंतरराष्ट्रीय बाज़ार की आग भारतीय उपभोक्ता तक न पहुंचे।

लेकिन एक बात ध्यान देने वाली है। औद्योगिक डीजल यानी कमर्शियल इस्तेमाल वाले डीजल के दाम 21.92 रुपये प्रति लीटर बढ़ा दिए गए हैं, करीब 25 फीसदी की बढ़ोतरी। इसका असर माल ढुलाई और फैक्ट्रियों पर पड़ेगा और आगे चलकर महंगाई में दिखेगा। प्रीमियम पेट्रोल यानी XP95 और पावर पेट्रोल के दाम भी 2 से 2.30 रुपये प्रति लीटर बढ़ गए हैं। Indian Oil का XP95 अब करीब 101.80 रुपये प्रति लीटर पर मिल रहा है।

प्रमुख शहरों में पेट्रोल-डीजल के दाम

शहर पेट्रोल (रु./लीटर) डीजल (रु./लीटर)
नई दिल्ली 94.77 87.67
मुंबई 103.54 90.03
कोलकाता 105.41 92.76
चेन्नई 100.93 92.48
बेंगलुरु 102.92 90.99
हैदराबाद 107.50 95.70
अहमदाबाद 94.49 90.17
जयपुर 104.91 90.36
लखनऊ 94.69 87.81
पुणे 104.29 91.80

ट्रंप के इरादे साफ हैं, हूती अड़े हुए हैं और ईरान झुकने को तैयार नहीं। 6 अप्रैल की डेडलाइन आने वाली है। अगर तब तक कोई सफलता नहीं मिली तो तेल के दाम जहां हैं, वहां से और ऊपर जा सकते हैं। तब शायद सरकार के लिए पेट्रोल-डीजल के दाम रोके रखना मुश्किल हो जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *