हांसी जिले के बास क्षेत्र के गांव बड़छप्पर में शुक्रवार देर शाम एक हादसे में 42 वर्षीय सोमबीर की दीवार के मलबे में दबकर मौत हो गई। वह अपने पुराने मकान को तोड़कर नया मकान बनाने की तैयारी कर रहे थे, तभी यह घटना हुई। शव का शनिवार को हिसार के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। जानकारी के अनुसार, सोमबीर अपने घर की छत पर बने कमरे की दीवार हटा रहे थे। इसी दौरान अचानक दीवार भरभराकर नीचे गिर गई और वह उसके मलबे के नीचे दब गए। परिजनों और आसपास के लोगों ने तुरंत उन्हें बाहर निकाला। गंभीर हालत में सोमबीर को हांसी के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान हुई मौत वहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें हिसार रेफर कर दिया। परिजन उन्हें तुरंत हिसार के नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे और भर्ती कराया। इलाज के दौरान देर रात सोमबीर ने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। आज हिसार में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। गांव में मातम का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं। मृतक की पत्नी तारा के बयान पर बास थाना पुलिस ने इत्तेफाकिया कार्रवाई अमल में लाई है। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह हादसा प्रतीत हो रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। सोमबीर अपने पीछे पत्नी और बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार के मुखिया की अचानक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांववासियों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।


