Sameera Reddy On Bollywood: फिल्मी दुनिया की चकाचौंध ऊपर से जितनी सुनहरी दिखती है, अंदर से वह उतनी ही दबाव और असुरक्षाओं से भरी होती है। एक दौर में बॉलीवुड की ‘ग्लैमर गर्ल’ और ‘सेक्स सिंबल’ के तौर पर पहचानी जाने वाली अभिनेत्री समीरा रेड्डी ने हाल ही में अपने करियर के उन दिनों को याद किया है, जब वह सिर्फ ‘दिखावे’ के लिए लाखों रुपये खर्च कर दिया करती थीं। आज समीरा चकाचौंध से दूर गोवा में एक बेहद सादगी भरी जिंदगी बिता रही हैं, लेकिन उनका यह बदलाव रातों-रात नहीं आया।
समीरा ने बताया बॉलीवुड में दिखावे का दवाब (Sameera Reddy On Bollywood)
हाल ही में ‘हॉटरफ्लाई’ को दिए एक इंटरव्यू में समीरा ने अपने दिल की बात साझा की। उन्होंने बताया कि जब वह महज 24 साल की थीं और इंडस्ट्री में नई-नई आई थीं, तब उन पर खुद को ‘सफल’ दिखाने का भारी दबाव था। उस समय के ‘पॉपुलर कल्चर’ में फिट होने के लिए उन्होंने अपनी कमाई का एक बड़ा हिस्सा महंगे ब्रांड्स पर लुटाया।

2005 में खरीदा था 4 से 5 लाख का बैग (Sameera Reddy bought a bag worth Rs 4 lakh)
समीरा ने अपनी अलमारी से एक ‘डियोर’ (Dior) का बैग निकालते हुए बताया कि 2005 में उन्होंने इसे करीब 3 से 4 लाख रुपये में खरीदा था। इसकी वजह कोई जरूरत नहीं, बल्कि यह डर था कि अगर उनके पास महंगा बैग नहीं होगा, तो लोग समझेंगे कि वह इंडस्ट्री में पैर नहीं जमा पाई हैं। इसी तरह, उन्होंने सिर्फ ‘एयरपोर्ट लुक’ के ट्रेंड में बने रहने के लिए 1.7 लाख रुपये का ‘लुई विट्टों’ (Louis Vuitton) बैग खरीदा था। उनके वॉर्डरोब में 2.5 लाख की ‘शनैल’ (Chanel) जैकेट भी शामिल थी, जिसे वह अब अपनी पुरानी पहचान का हिस्सा मानती हैं।
सादगी में मिला असली सुकून
समीरा कहती हैं, “करीब 13 साल पहले मुझे यह गहराई से महसूस हुआ कि मुझे ‘देखो मैं कैसी हूं’ वाली जिंदगी नहीं जीनी है। असली खूबसूरती महंगे ब्रांड्स में नहीं, बल्कि सादगी और खुद को स्वीकार करने में है।” शादी और बच्चों के बाद समीरा का नजरिया पूरी तरह बदल गया। अब वह ‘फास्ट फैशन’ और बड़े ब्रांड्स की दौड़ से बाहर निकल चुकी हैं।
आज वह गोवा की शांत वादियों में रहती हैं और ऑर्गेनिक कॉटन के कपड़े पहनना पसंद करती हैं। वह अब पुराने कपड़ों को मिक्स-मैच करके पहनती हैं और महंगे फैंसी कपड़ों की जगह कंफर्ट को तवज्जो देती हैं। उनका कहना है कि अब वह खुद को किसी सांचे में फिट करने की कोशिश नहीं करतीं।

फिल्मी सफर और वर्तमान
समीरा रेड्डी ने साल 2002 में फिल्म ‘मैंने दिल तुझको दिया’ से बॉलीवुड में कदम रखा था। 2013 तक उन्होंने हिंदी के अलावा तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम सिनेमा में भी अपनी पहचान बनाई। साल 2014 में बिजनेसमैन अक्षय वर्दे से शादी करने के बाद उन्होंने फिल्मों से दूरी बना ली। आज समीरा सोशल मीडिया पर ‘बॉडी पॉजिटिविटी’ और ‘मेंटल हेल्थ’ जैसे मुद्दों पर खुलकर बात करती हैं और लाखों महिलाओं के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं। उनकी यह कहानी साबित करती है कि असली चमक ब्रांडेड बैग्स में नहीं, बल्कि मन की शांति में होती है।


