सगाई में मेहमान बनकर आए लोगों ने की लाखों की चोरी, 25 हजार की इनामी महिला गिरफ्तार

सगाई में मेहमान बनकर आए लोगों ने की लाखों की चोरी, 25 हजार की इनामी महिला गिरफ्तार

प्रयागराज के सिविल लाइंस स्थित होटल कान्हा श्याम में जज के भतीजे की सगाई समारोह के दौरान हुई लाखों रुपये के जेवर, नकदी और मोबाइल चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब तीन साल से फरार चल रही 25 हजार रुपये की इनामी महिला बीना बाई को मध्य प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों को किया गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, 12 मई 2022 को होटल में आयोजित सगाई समारोह के दौरान अज्ञात बदमाशों ने आभूषणों से भरा बैग, नकदी और एप्पल का मोबाइल चोरी कर लिया था। इस संबंध में अशोक नगर निवासी चंद्र प्रकाश केसरवानी ने सिविल लाइंस थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से जेवर, नकदी और मोबाइल बरामद कर लिया।

25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि इस वारदात में मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कड़िया गांव की रहने वाली बीना बाई भी शामिल थी। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी, लेकिन वह लगातार फरार चल रही थी। काफी समय तक गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया था।

सूचना मिलते ही मध्य प्रदेश रवाना हुई पुलिस टीम

शुक्रवार देर शाम सिविल लाइंस इंस्पेक्टर रामाश्रय यादव को सूचना मिली कि बीना बाई अपने गांव में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मध्य प्रदेश रवाना हुई और शनिवार रात उसके घर की घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। रविवार को उसे प्रयागराज लाकर पूछताछ की गई।

पूछताछ में बीना बाई ने कबूल किया कि सगाई समारोह के दौरान वह मेहमान बनकर कार्यक्रम में मौजूद थी और उसी ने जेवर और नकदी से भरे बैग की रेकी की थी। इसके बाद उसने गिरोह के अन्य सदस्यों को पूरी जानकारी दी, जिसके आधार पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि बदमाश वारदात के दिन कार से होटल पहुंचे थे। उन्होंने पहले से होटल में प्रवेश और बाहर निकलने का रास्ता तय कर रखा था। इतना ही नहीं, घटना को अंजाम देने के लिए उन्होंने सिविल लाइंस इलाके में किराये पर कमरा भी लिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *