जालोर में कलेक्ट्रेट के सामने स्थित एक खाली प्लॉट में गुरुवार शाम अचानक आग लग गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के व्यापारियों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। प्लॉट में पड़ी खाली बोतलों और डिब्बों से धमाकों की आवाज आने लगी। सूचना मिलते ही नागरिक सुरक्षा और नगर परिषद की दो दमकलें मौके पर पहुंचीं और करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। बाड़ और कचरे ने पकड़ी आग जानकारी के अनुसार, कलेक्ट्रेट के सामने रघुरतन होटल के पास एक खाली भूखंड पड़ा है, जिसमें बड़ी मात्रा में कचरा और सूखी झाड़ियों की बाड़ लगी हुई थी। शाम करीब 4 बजे अज्ञात कारणों से इस बाड़ में आग लग गई। तेज हवा के कारण देखते ही देखते आग ने पूरे प्लॉट को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत रही कि समय रहते दमकलें पहुंच गई, वरना आग पास की इमारतों तक फैल सकती थी। धमाकों से फैली दहशत प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग की लपटों के बीच अचानक कुछ ब्लास्ट जैसी आवाजें सुनाई दीं, जिससे आसपास के दुकानदार और निवासी बुरी तरह डर गए। हालांकि, कुछ देर बाद जब स्थिति स्पष्ट हुई तो लोगों ने राहत की सांस ली। यातायात पुलिस ने संभाला मोर्चा घटनास्थल व्यस्त मार्ग पर होने के कारण वहां लोगों और वाहन चालकों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थिति को देखते हुए यातायात पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और मार्ग को सुचारु करवाया इस घटना में किसी भी प्रकार की जन हानि या बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।


