मैं सुबह 6 बजे से लाइन में लगा हुआ हूं, मैं हार्ट का पेसेन्ट हूं। एंटीबायोटिक दवाई खाने की वजह से दिक्कत होती है। मेरी एक एक बेटी है, जो बाहर काम करने के लिए चली जाती है।। कैसे मेरी जिंदगी चल रही है मैं ही जानता हूं। हम तीन दिनों से लगातार आ रहे है। कानपुर में ये कहते हूए 73 वर्षीय विष्णु कुमार मिश्रा फफक कर रोने लगते है और सिर पकड़ लेते हैं। गैस की किल्लत से अब लोग रोने लगे है, कुछ लोगों का आरोप है गैस एजेंसी से गैस ब्लैक हो रही है। एक महिला ने बताया- एजेंसी संचालक KYC के नाम पर 200 रूपये एक्स्ट्रा ले रहे है। जबकि प्रशासन का दावा है गैस पर्याप्त मात्रा में है, कालाबाजरी नहीं हो रही है। लोग गैस किल्लत से कैसे जूझ रहे है? ये जानने के लिए दैनिक भास्कर ने लोगों से बात की। सबसे पहले देखिए 3 तस्वीरें दो दिनों से आधी गाड़ी आ रही, क्या ब्लैक हो रही गैस
मेरा नाम विक्की है, कल और आज आधी- आधी गाड़ी (गैस का ट्रक) आई है। हम 4 दिनों से परेशान हो रहे है, क्या गैस सिलेंडर ब्लैक हो रहे है। हम लोगों को इसकी जानकारी दी जाए। हम लोग (जनता) बेवकूफ है। हम लोगों को गैस दी जाए। हम ड्यूटी और धंधा छोड़ के लाइन में लगते है, लेकिन रोज खाली हाथ जा रहे है। हम लोगों को जब तक सिलेंडर नहीं मिलेगा तब तक कहीं जाएंगे नहीं। एक उपभोक्ता बताते है- हम इसकी वजह से तीन दिनों से ड्यूटी नहीं जा पा रहे है। मालिक बोल रहा है, या तो काम करो या सिलेंडर ले लो। ऐसे काम नहीं चलेगा। एक हफ्ते से घर में खाना नहीं बना
कहकसा बताती है, हम लोग 3 दिनों से यहां लाटूस रोड से आ रहे है। मेरी ननद के यहां एक हफ्ते से खाना नहीं बना है। आज भी मुझे गैस मिलने की उम्मीद नहीं है। बताओ आम लोग कैसे काम करेंगे। 928 के सिलेंडर के लिए 1200 खर्च, उसके बाद भी नहीं मिला
गुलशाद फातिमा बताती है, हम लोग बहुत दूर से आते है, एक बार आने जाने में 300 से 400 रुपए खर्च हो जाते है। हम 3 दिनों से लगातार चक्कर काट रहे हैं। आज भी 6 बजे से पहले आ गए थे। मेरा बड़ा परिवार है, 7 दिनों से होटल से खाना मंगा करके खा रहे है। हम लोग इस समय रमजान में रोज़े से है। इस समय ईद की चिंता सता रही है। रात 3 बजे से लाइन में, फिर भी नहीं मिल रही गैस
गुड्डन प्रजापति बताते है, हम यहां 3 दिनों से लगातार गैस लेने के लिए आ रहे है। हम यहां रात में 3 बजे से लाइन में लगते है, जब तक मेरा नंबर आता है, तब तक सिलेंडर खत्म हो जाते है। जिन लोगों को गैस मिलती है, वो लोग रात में हमसे पहले आ कर के लाइन में लग रहे है। कल हमम और जल्दी आएंगे। KYC के नाम से 200 रुपए लिए, हाथ में थमा दी पाइप और चायपत्ती
बीना बताती है, हमको एजेंसी वालों ने बताया तुम्हारी 2024 में KYC हुई थी, दोबारा से KYC करवानी पड़ेगी। हमसे KYC के नाम पर 200 रुपए ले लिए। जब आज हम आधार और पैन कार्ड लेकर KYC करवाने आए तो हमसे कह दिया, तुम्हारी दिसंबर में KYC हो चुकी है। इसके बाद मुझे रबड़ (पाइप) और चाय पत्ती दे दी। जब हमने कहा ये मुझे क्यों दे दी। हम गरीब है, हमारे पास पैसा नहीं है। हम सिलेंडर के कल से चक्कर काट रहे है, अभी तक किराये में 300 रुपए खर्च हो चुके है।
सुल्तान बोले- हम ईद कैसे मनाएंगे?
सुल्तान अहमद बताते है, हम तीन दिनों से सुबह 6 बजे से लाइन में लग रहे है। रमजान और ईद की वजह से ज्यादा जरूरत पड रही है। इस समय नंबर आने से पहले गैस सिलेंडर खत्म हो गए है। अब रमजान के समय भी हम लोग लाइन में लगे हुए है।


