बुकिंग और पेमेंट बाद भी सिलेंडर की होम डिलीवरी नहीं:लोगों ने की शिकायत, एसडीएम ने कहा- 2 अप्रैल से होम डिलीवरी देना जरुरी

बुकिंग और पेमेंट बाद भी सिलेंडर की होम डिलीवरी नहीं:लोगों ने की शिकायत, एसडीएम ने कहा- 2 अप्रैल से होम डिलीवरी देना जरुरी

अमरपाटन में घरेलू गैस सिलेंडरों की किल्लत और कालाबाजारी की शिकायतों के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उपभोक्ताओं को घर पर सिलेंडर न मिलने और एजेंसी के चक्कर काटने की बढ़ती शिकायतों के बीच संयुक्त व्यापारी संघ ने तहसीलदार आरडी साकेत को ज्ञापन सौंपकर मानसी गैस एजेंसी पर आरोप लगाए हैं। व्यापारी संघ का आरोप है कि ऑनलाइन बुकिंग और पेमेंट करने के बावजूद लोगों को होम डिलीवरी नहीं दी जा रही है। ग्राहकों को गैस के लिए घंटों लंबी लाइनों में खड़ा होना पड़ रहा है और कई दिनों तक एजेंसी के चक्कर काटने पड़ते हैं। इसके अलावा, ऑनलाइन भुगतान करने वालों से भी जबरन नकद (कैश) पैसे मांगे जा रहे हैं, जो सीधे तौर पर नियमों का उल्लंघन है। जानबूझकर गैस की कमी का माहौल शिकायत में यह भी कहा गया है कि एजेंसी जानबूझकर गैस की कमी का माहौल बना रही है। इससे परेशान होकर लोग ऊंचे दामों पर सिलेंडर खरीदने को मजबूर हो रहे हैं। इससे कालाबाजारी को बढ़ावा मिल रहा है। प्रशासन का छापा और सख्त निर्देश एसडीएम के आदेश पर फूड इंस्पेक्टर ब्रजेन्द्र जड़िया ने मानसी गैस एजेंसी पर अचानक छापा मारा। उन्होंने स्टॉक रजिस्टर की जांच की और वहां मौजूद सिलेंडरों की गिनती कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। 2 अप्रैल से घर पहुंचेगा सिलेंडर जांच के बाद प्रशासन ने एजेंसी संचालकों को कड़ी चेतावनी दी है। साफ निर्देश दिए गए हैं कि 2 अप्रैल से हर हाल में उपभोक्ताओं को घर पर ही सिलेंडर (होम डिलीवरी) देना शुरू करना होगा। प्रशासन ने दो टूक कहा है कि अगर सेवा में पारदर्शिता नहीं दिखी या दोबारा लापरवाही मिली, तो एजेंसी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *