PDA ने 18 बीघा जमीन अवैध कब्जे से मुक्त कराई:झूंसी और सरायइनायत में अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर

PDA ने 18 बीघा जमीन अवैध कब्जे से मुक्त कराई:झूंसी और सरायइनायत में अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर

प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) ने अवैध प्लाटिंग और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ गुरुवार, 8 जनवरी 2026 को बड़ी कार्रवाई की। जोनल अधिकारी के नेतृत्व में जोन-05 के उपजोन 5ए और 5बी क्षेत्रों में अवैध रूप से विकसित की जा रही प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया। इस अभियान में कुल 18 बीघा से अधिक भूमि को अवैध कब्जे और प्लाटिंग से मुक्त कराया गया। PDA से मिली जानकारी के अनुसार, पहली कार्रवाई झूंसी क्षेत्र के नीमी भदकार में हुई। यहां रिक्कू पहलवान, राम बाबू, गणेश यादव, दिनेश यादव सहित अन्य लोगों द्वारा लगभग 5 बीघा क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग की जा रही थी, जिसे प्राधिकरण की टीम ने ध्वस्त कर दिया। दूसरी कार्रवाई चकचुरावन, झूंसी में की गई, जहां राम बाबू व अन्य ने करीब 5 बीघा भूमि पर अवैध प्लाटिंग विकसित की थी। इसी क्षेत्र में तीसरी कार्रवाई में श्री सत्यम मिश्रा व अन्य द्वारा लगभग 3 बीघा में की गई अवैध प्लाटिंग को भी ध्वस्त किया गया। इसके अतिरिक्त, चौथी कार्रवाई तेन्दुई, सरायइनायत क्षेत्र में हुई। यहां श्री अभिषेक सिंह व अन्य द्वारा करीब 5 बीघा भूमि पर बिना स्वीकृति के प्लाटिंग की जा रही थी। PDA की टीम ने इन सभी स्थलों पर बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण और प्लाटिंग को पूरी तरह समाप्त कर दिया। प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि इन सभी मामलों में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज कराने के लिए संबंधित थानों में तहरीर दी जाएगी। कार्रवाई के दौरान जोनल अधिकारी के साथ अवर अभियंता, सुपरवाइजर, PDA प्रवर्तन टीम और थाना सरायइनायत व झूंसी का पुलिस बल मौजूद रहा। PDA ने स्पष्ट किया है कि बिना नक्शा स्वीकृति और नियमों के विरुद्ध की जा रही किसी भी प्रकार की प्लाटिंग या निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्राधिकरण ने आम जनता से अपील की है कि जमीन खरीदने से पहले उसकी वैधानिक स्थिति की जांच अवश्य करें, ताकि भविष्य में किसी भी नुकसान से बचा जा सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *