नहाती नाबालिग का वीडियो बनाने वाले पटवारी की पिटाई:राजगढ़ में किराए से रहने वाली छात्रा की शिकायत पर FIR

नहाती नाबालिग का वीडियो बनाने वाले पटवारी की पिटाई:राजगढ़ में किराए से रहने वाली छात्रा की शिकायत पर FIR

राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में भरोसे को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पटवारी ने अपने ही घर में पढ़ाई के लिए किराए पर रह रही नाबालिग छात्रा का नहाते समय चोरी-छिपे वीडियो बना लिया। जब इस घिनौनी हरकत का खुलासा हुआ तो इलाके में सनसनी फैल गई। शनिवार रात गुस्साए परिजन और ग्रामीण आरोपी के घर पहुंच गए और उसकी जमकर पिटाई कर दी। हालात इतने बिगड़ गए कि मारपीट में आरोपी के कपड़े तक फट गए और पुलिस को मौके पर पहुंचकर उसे भीड़ से बचाना पड़ा। पीड़ित छात्रा की शिकायत पर खिलचीपुर थाने में आरोपी पटवारी के खिलाफ धारा 77 BNS, 13/14 पॉक्सो एक्ट और 66 (e) आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी उमाशंकर मुकाती ने बताया कि आरोपी के मोबाइल की जांच में नाबालिग छात्रा के नहाते हुए बनाए गए वीडियो मोबाइल से बरामद हुए हैं। आरोपी ने वीडियो डिलीट करने की कोशिश की थी, लेकिन डिजिटल सबूत छिप नहीं सके। जाली से बनाया नहाते समय वीडियो
जानकारी के अनुसार, खिलचीपुर के इमली स्टैंड क्षेत्र में रहने वाले पटवारी महेश साहू (50) के घर में आसपास के गांवों की नाबालिग छात्राएं पढ़ाई के लिए किराए पर रहती थीं। एक सप्ताह पहले आरोपी की पत्नी राजस्थान के छबड़ा अपने रिश्तेदार के यहां गई हुई थी, जिससे घर में आरोपी अकेला था। शनिवार सुबह 11वीं कक्षा की छात्रा परीक्षा देने से पहले नहाने के लिए बाथरूम में गई थी। आरोप है कि इसी दौरान पटवारी ने बाथरूम के गेट के ऊपर लगी जाली से अपने मोबाइल से छात्रा का वीडियो बना लिया। आरोपी ने एक नहीं, बल्कि 2 से 3 वीडियो रिकॉर्ड किए। छात्रा ने आरोपी को संदिग्ध हालत में देख लिया, लेकिन डर और परीक्षा के कारण तत्काल कुछ नहीं कहा। बाद में उसने साथ रहने वाली छात्राओं को पूरी बात बताई और परीक्षा देने चली गई। मोबाइल चेक करते ही खुल गया राज
शाम को परीक्षा से लौटने के बाद छात्राओं ने परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी। रात करीब 9 बजे गुस्साए परिजन और ग्रामीण आरोपी के घर पहुंचे। जब उन्होंने आरोपी का मोबाइल चेक किया तो डिलीट किए गए वीडियो रीसायकल बिन में मिल गए। यह देखते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी। लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने भीड़ से छुड़ाकर किया गिरफ्तार
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ से छुड़ाया। हालात इतने तनावपूर्ण थे कि पुलिस को आरोपी को पैदल और फिर बाइक से थाने ले जाना पड़ा। घटना के बाद देर रात तक थाने के बाहर लोगों की भीड़ लगी रही। लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते रहे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है। इस घटना ने एक बार फिर भरोसे के नाम पर छात्राओं की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *