ईरान में तनाव के बीच अमरीका में सैन्य भर्ती में अहम बदलाव होने जा रहा है। अब 18 से 26 साल के युवा पुरुषों का नाम अपने आप सैन्य ड्राफ्ट (भर्ती) की सूची में दर्ज हो जाएगा। यह व्यवस्था दिसंबर से लागू होगी। ईरान से जारी युद्ध के बीच अमेरिका में होने वाला यह बदलाव काफी अहम माना जा रहा है।
अमेरिका में क्या हैं सैन्य भर्ती के नियम?
अमेरिका में मौजूदा समय में 18 से 26 साल की उम्र के पुरुषों के लिए सिलेक्टिव सर्विस सिस्टम में रजिस्ट्रेशन करना जरूरी है, लेकिन उन्हें खुद जाकर यह प्रक्रिया पूरी करनी पड़ती थी। अब इसे ऑटोमैटिक बना दिया गया है। इसका मतलब है कि सरकार खुद ही योग्य पुरुषों का डेटा लेकर उन्हें इस सिस्टम में शामिल कर देगी। आखिरी बार सैन्य ड्राफ्ट फरवरी 1973 में लागू हुआ था, उस समय अमेरिका का वियतनाम से युद्ध चल रहा था।
रजिस्ट्रेशन नहीं करने पर क्या होगा?
अमेरिका के मौजूदा कानूनों के मुताबिक, 18 से 26 साल की उम्र के पुरुषों को खुद सिलेक्टिव सर्विस सिस्टम में रजिस्ट्रेशन करना जरूरी है। अगर कोई ऐसा नहीं करता तो यह अपराध माना जाता है। ऐसे व्यक्ति को कुछ सरकारी सुविधाओं, जैसे स्टूडेंट्स लोग और फेडरल नौकरी के अवसरों से वंचित किया जा सकता है। रजिस्ट्रेशन नहीं कराना मिलिट्री सिलेक्टिव सर्विस एक्ट का उल्लंघन भी है। इसमें 5 साल तक की जेल और 2.5 लाख डॉलर तक का जुर्माना हो सकता है।
किन पर लागू होगा नया नियम?
नए नियम के तहत 18 से 26 साल के सभी अमेरिकी नागरिक पुरुषों के साथ-साथ ग्रीन कार्ड धारक, शरणार्थी, शरण मांगने वाले और यहां तक कि बिना दस्तावेज वाले पुरुष भी इस रजिस्ट्रेशन में शामिल होंगे। हालांकि, जो लोग नॉन-इमिग्रेंट वीजा पर अमरीका में हैं, उन्हें इससे छूट दी गई है।
रजिस्ट्रेशन के बाद क्या सेना में तुरंत भर्ती होगी?
रजिस्ट्रेशन का मतलब यह नहीं है कि सभी को सेना में भर्ती कर लिया जाएगा। अगर कभी अमरीका में ड्राफ्ट लागू किया जाता है तो पहले संसद की मंजूरी जरूरी होगी। फिर लॉटरी सिस्टम से लोगों का चयन किया जाएगा। जन्म की तारीख के आधार पर नंबर निकाले जाएंगे। पहले उन युवाओं को बुलाया जाएगा जो उस साल 20 साल के होंगे। इसके बाद 21, 22, 23, 24, 25, 19 और फिर 18 साल से थोड़ा ज्यादा उम्र वाले युवाओं को मौका मिलेगा।
क्या राज्यों में पहले से ऐसी व्यवस्था थी?
अमेरिका में सैन्य भर्ती की व्यवस्था पहले से ही 46 राज्यों और क्षेत्रों में किसी न किसी रूप में लागू है। अब इसे पूरे देश में लागू करने की तैयारी की जा रही है। एरिजोना, डेलवेयर, वाशिंगटन में ड्राइविंग लाइसेंस या पहचान पत्र बनवाते समय ही युवाओं का रजिस्ट्रेशन अपने आप हो जाता है। न्यूयॉर्क में लाइसेंस फॉर्म में इसका विकल्प दिया जाता है।
अमेरिका ने क्यों बदले नियम?
ईरान से जारी संगर्ष के बीच अमेरिका ने सैन्य भर्ती के नियमों में बदलाव किया है। अमेरिका ने सैन्य कर्मियों की भारी कमी की वजह से ऐसा किया है। युद्ध की स्थिति में और अधिक सैनिकों की आवश्यकता के कारण अमेरिका ने यह कदम उठाया है। ईरान के साथ बढ़ते तनाव और मिडिल ईस्ट में सैनिकों की तैनाती के बीच अमेरिका को अपने बलों को मजबूत करने के लिए तत्काल बड़ी संख्या में सैनिकों की आवश्यकता है।


