इलाज के दौरान मरीज की मौत, परिजनों का हंगामा

इलाज के दौरान मरीज की मौत, परिजनों का हंगामा

डॉक्टर पर लगाया गलत इलाज का आरोप,जांच की मांग

dholpur, बाड़ी सामान्य अस्पताल में रविवार रात 45 वर्षीय एक व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा किया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने स्थिति को शांत कराया और शव को मोर्चरी में रखवाया। मृतक की पहचान सिंगोरई गांव निवासी समय सिंह पुत्र सिरमौर जाटव के रूप में हुई है।

मृतक भतीजे पुष्पेंद्र जाटव ने बताया कि रात उनके चाचा समय सिंह की तबीयत खराब हुई और उन्हें पेट दर्द की शिकायत थी। जिन्हें बाड़ी सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुष्पेंद्र के अनुसार जब समय सिंह की तबीयत बिगड़ी तो उन्होंने इमरजेंसी में मौजूद डॉक्टर से दोबारा देखने का अनुरोध किया। इस पर डॉक्टर कथित तौर पर भडक़ गए और मरीज को कहीं और ले जाने को कहा साथ में यह भी बोला की यह सरकारी अस्पताल है एक बार ही देखूंगा। बार-बार अनुरोध करने पर डॉक्टर ने तबीयत बिगड़ती देख मरीज के इंजेक्शन लगाया, लेकिन मरीज को आराम नहीं मिला और उनकी मौत हो गई। ऐसे में परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई और जांच की मांग की है।

ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने कोई लापरवाही नहीं की। मरीज के बताए गए लक्षणों के आधार पर ही उपचार दिया गया था। तबीयत ज्यादा बिगडऩे पर इंजेक्शन लगाया गया था और मरीज पहले से ही हृदय रोगी था, जिसकी वजह से उसकी मौत हुई।

-हरिकिशन मंगल, पीएमओ सामान्य चिकित्सालय

मृतक के शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया है। मामले की जांच के लिए एफएसएल को रिपोर्ट भेजी जा रही है। जांच के परिणामों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। फिलहाल मृतक के पुत्र डेनिश की तहरीर पर मामला दर्ज किया जा रहा है।

-हरवीर सिंह, एएसआई कोतवाली थाना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *