प्रयागराज में शहर के सरस्वती हार्ट केयर हॉस्पिटल में रविवार को एक मरीज की ऑपरेशन के दौरान मौत हो जाने के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार, जुनैद अपनी मां को इलाज के लिए अपने भांजे आयान के साथ अस्पताल लेकर पहुंचे थे। परिजनों का कहना है कि अस्पताल पहुंचने के बाद मरीज की ब्लड जांच की गई, जिसमें सभी रिपोर्ट सामान्य बताई गईं। इसके बाद डॉक्टरों ने एंजियोग्राफी की और तुरंत ऑपरेशन कराने की सलाह दी। मृतक बानो बेगम के बेटे जुनैद का आरोप है कि डॉक्टरों ने उन्हें यह कहकर डरा दिया कि यदि मरीज को कहीं और ले जाया गया तो उसकी जान जा सकती है, जिसके बाद जल्दबाजी में ऑपरेशन करा दिया गया। उनका कहना है कि ऑपरेशन के बाद उनकी मां की मृत्यु हो गई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि वे इलाज के लिए डॉक्टर डी.के. अग्रवाल को दिखाने आए थे, लेकिन ऑपरेशन उनके बेटे डॉ. ऋषभ अग्रवाल द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि मरीज की स्थिति पहले सामान्य थी और इलाज में लापरवाही के कारण ही यह घटना हुई है। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया और न्याय की मांग की। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल अस्पताल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच की जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। हालांकि इस अस्पताल में पहले भी कई बार इस तरह के मामले सामने आ चुके हैं और लापरवाही के आरोप लगते रहे हैं।


