एट रेलवे स्टेशन पर सीढ़ियों से फिसलकर यात्री की मौत:पुलिस ने शुरू की मामले की जांच, परिजनों को दी सूचना

एट रेलवे स्टेशन पर सीढ़ियों से फिसलकर यात्री की मौत:पुलिस ने शुरू की मामले की जांच, परिजनों को दी सूचना

जालौन के एट रेलवे स्टेशन पर एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां ट्रेन से उतरकर प्लेटफॉर्म से बाहर जाते समय सीढ़ियों पर पैर फिसलने से एक यात्री की मौत हो गई। घटना से स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची रेलवे पुलिस ने घायल को तत्काल अस्पताल भिजवाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ट्रेन से सफर करके आ रहा एक व्यक्ति एट रेलवे स्टेशन पर उतरा था। प्लेटफॉर्म से बाहर जाने के लिए जब वह स्टेशन की सीढ़ियां उतर रहा था, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह सीढ़ियों से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद यात्रियों ने घटना की जानकारी स्टेशन मास्टर को दी। स्टेशन मास्टर पृथ्वीराज सिंह ने बताया कि प्लेटफॉर्म की सीढ़ियों से एक व्यक्ति के गिरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) मोठ को अवगत कराया गया। आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोंच भिजवाया गया। सीएचसी कोंच में तैनात चिकित्सक डॉ. आर.के. गौर ने घायल को देखते ही मृत घोषित कर दिया। इसके बाद आरपीएफ द्वारा मृतक की पहचान के प्रयास किए गए। आरपीएफ में तैनात कॉन्स्टेबल परशुराम ने मृतक की जेबों की तलाशी ली, जिसमें एक आधार कार्ड और एक कीपैड मोबाइल फोन बरामद हुआ। आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान बाबूदीन मियां पुत्र दुला मियां, उम्र करीब 55 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर तीन, लालगढ़, थाना मुफस्सिल, जिला पश्चिमी चंपारण, बिहार के रूप में हुई है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। परिजनों में सुकत मियां पुत्र बाबूदीन मियां को मामले से अवगत कराया गया है। फिलहाल रेलवे पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में हादसा दुर्घटनावश प्रतीत हो रहा है। पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई के साथ आगे की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। घटना के बाद से स्टेशन परिसर में शोक का माहौल है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *