नोएडा के थाना फेज-3 क्षेत्र के सेक्टर-66 स्थित मामूरा गांव में निर्माण कार्य के दौरान एक हादसा हो गया। पिलर निर्माण के लिए की जा रही गहरी खुदाई के कारण पास बने मकान का एक हिस्सा अचानक ढह गया। इस घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। घायल व्यक्ति को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मामूरा गांव में गहरा पिलर खोदा जा रहा था। इसी दौरान पास की दीवार गिर गई, जिससे मजदूरी कर रहे महबूब अख्तर पुत्र फारुख हुसैन, निवासी बिहार घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, महबूब अख्तर को मामूली चोटें आई हैं। घायल को उपचार उपलब्ध करा दिया गया है और मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है।


