रक्षा मंत्रालय की 32 सदस्यीय संसदीय स्थायी समिति आज अयोध्या दौरे पर आ रही है। समिति दोपहर करीब 2 बजे अयोध्या पहुंचेगी। पूर्व केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह की अध्यक्षता वाली यह समिति अयोध्या कैंट क्षेत्र का निरीक्षण करेगी। निरीक्षण के बाद समिति के सदस्य नवनिर्मित भव्य श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन भी करेंगे। संसदीय दल की सूची में कांग्रेस नेता राहुल गांधी का नाम शामिल होने के कारण जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं। वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए अयोध्या कैंटोनमेंट बोर्ड, पुलिस और जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। यातायात प्रबंधन के साथ-साथ कार्यक्रम स्थल और मंदिर परिसर की सुरक्षा को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं। प्रशासन का कहना है कि संसदीय समिति के दौरे को लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएंगी।


