छिंदवाड़ा में पेट्रोल-डीजल की पैनिक खरीदी:अफवाह के बाद पंपों पर रात 3 बजे तक लगी भीड़; दोपहिया वाहनों को मिल रहा 300 रुपए का पेट्रोल

छिंदवाड़ा में पेट्रोल-डीजल की पैनिक खरीदी:अफवाह के बाद पंपों पर रात 3 बजे तक लगी भीड़; दोपहिया वाहनों को मिल रहा 300 रुपए का पेट्रोल

छिंदवाड़ा जिले में रसोई गैस के बाद अब पेट्रोल-डीजल की किल्लत की अफवाह के चलते शहर सहित आसपास के इलाकों में पैनिक खरीदी का माहौल बन गया है। बुधवार देर रात करीब 3 बजे तक पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं और ग्राहक जरूरत से ज्यादा ईंधन भरवाने की कोशिश करते नजर आए। हालात को देखते हुए कुछ पेट्रोल पंप संचालकों ने दोपहिया वाहनों में अधिकतम 300 रुपए का पेट्रोल देने की सीमा तय कर दी है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को ईंधन मिल सके। वहीं, अचानक मांग बढ़ने से कुछ पंपों पर स्टॉक खत्म हो गया है, जबकि प्रशासन लगातार पर्याप्त स्टॉक होने का हवाला देते हुए अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील कर रहा है। नरसिंहपुर रोड के पंपों पर सबसे ज्यादा भीड़ शहर के नरसिंहपुर मार्ग स्थित पेट्रोल पंपों पर देर रात तक भारी भीड़ देखने को मिली। लोग घंटों लाइन में खड़े रहकर पेट्रोल-डीजल भरवाने के लिए परेशान होते नजर आए। इस पैनिक खरीदी और लंबी कतारों के कारण सबसे ज्यादा दिक्कत लोडिंग वाहनों और ट्रक चालकों को उठानी पड़ी। ‘रास्ते में नहीं मिला डीजल, 20-30 लीटर ही दिया’ एक ट्रक चालक ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि वह भोपाल से छिंदवाड़ा होते हुए दिल्ली जा रहा था, लेकिन रास्ते में कई जगहों पर डीजल नहीं मिला। चालक ने बताया कि जहां डीजल मिला भी, वहां केवल 20 से 30 लीटर ही दिया गया। छिंदवाड़ा पहुंचने के बाद भी लंबी कतारों के कारण उसे घंटों इंतजार करना पड़ा और अंततः ट्रक खड़ा करना पड़ा। अचानक मांग बढ़ने से कई पंपों पर खत्म हुआ स्टॉक अफवाह के बाद अचानक बढ़ी मांग के चलते कुछ पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल पूरी तरह खत्म हो गया। स्टॉक खत्म होने के कारण संचालकों को पंप बंद करना पड़ा। पंप बंद होने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई और वे ईंधन भराने के लिए दूसरे पंपों का रुख कर वहां जाकर लाइन में लगने लगे। प्रशासन की अपील- जिले में स्टॉक पर्याप्त, अफवाहों पर ध्यान न दें प्रशासन लगातार यह स्पष्ट कर रहा है कि जिले में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। इसके बावजूद अफवाहों के कारण लोग घबराकर जरूरत से ज्यादा ईंधन खरीद रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आवश्यकता के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल खरीदें, ताकि सभी को सुचारु रूप से ईंधन उपलब्ध हो सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *