प्यार की दुनिया बड़ी अजीब होती है। कहा जाता है कि प्यार कैसे हो जाता है, पता ही नहीं चलता। अक्सर हम फिल्मों में ऐसी कहानियां देखते हैं, जो हमें काल्पनिक लगती हैं। लेकिन कभी-कभी असल जिंदगी ऐसी कहानी लिख देती है, जो फिल्मों से भी ज्यादा दिलचस्प और हैरान कर देने वाली होती है। इन दिनों सोशल मीडिया पर एक ऐसी ही अनोखी प्रेम कहानी चर्चा में है। यह कहानी पाकिस्तान के मुल्तान शहर की है, जहां एक स्कूल की प्रिंसिपल अपने ही स्कूल में काम करने वाले चपरासी को दिल दे बैठीं। सुनने में भले ही यह थोड़ा अलग लगे, लेकिन इस रिश्ते की शुरुआत बहुत ही साधारण तरीके से हुई थी।
इस कारण से दोनों के बीच हुआ प्यार
स्कूल की प्रिंसिपल फरजाना पढ़ी-लिखी, समझदार और कविता पसंद करने वाली महिला मानी जाती हैं। वहीं फैयाज उसी स्कूल में चपरासी के तौर पर काम करते थे। दोनों की दुनिया, हैसियत और जिम्मेदारियां अलग थीं, लेकिन दिल ने इन फर्कों को कभी मायने नहीं दिया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार फरजाना बताती हैं कि यह रिश्ता किसी खास मुलाकात या लंबी बातचीत से नहीं शुरू हुआ। बल्कि रोजमर्रा की एक छोटी सी बात ने उनके दिल में जगह बना ली। फैयाज जब भी उन्हें चाय देते थे, तो बड़े सलीके और सम्मान के साथ पेश आते थे। खास बात यह थी कि वह इतनी सावधानी से चाय परोसते थे कि एक बूंद भी बाहर नहीं गिरती थी।
दोनों ने कर ली शादी
शायद यह छोटी सी बात ही उनके दिल को छू गई। फैयाज की ईमानदारी, काम के प्रति लगन और सादगी ने फरजाना को धीरे-धीरे प्रभावित करना शुरू कर दिया। वक्त के साथ यह पसंद एक गहरे एहसास में बदल गई। जब उन्हें अपने दिल की बात समझ आई, तो उन्होंने समाज की परवाह नहीं की। उन्होंने खुद आगे बढ़कर फैयाज को अपने दिल की बात बताई। यह कदम आसान नहीं था, लेकिन उन्होंने हिम्मत दिखाई। इसके बाद दोनों ने शादी कर ली और अब साथ में खुशहाल जिंदगी जी रहे हैं।
इस कहानी के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ लोगों ने इसे सच्चे प्यार की मिसाल बताया, तो कुछ ने हल्के-फुल्के अंदाज में मजाक भी किया। लेकिन एक बात साफ है, इस कहानी ने लोगों को सोचने पर जरूर मजबूर किया है कि प्यार में ऊंच-नीच, पैसा या ओहदा मायने नहीं रखते।


