पाकिस्तान (Pakistan) एक समय पर आतंकवाद (Terrorism) का हॉटस्पॉट माना जाता था और अभी भी पाकिस्तान में आतंकवाद को संरक्षण दिया जाता है, लेकिन अब पाकिस्तान खुद भी आतंकवाद के दलदल में धंस चुका है। पाकिस्तान में अक्सर ही आतंकी हमलों के मामले देखने को मिलते हैं। पाकिस्तान में आतंकी सिर्फ आम जनता को ही नहीं, बल्कि सेना और पुलिस पर हमला करने से भी पीछे नहीं हटते। देश में आतंकवाद के खिलाफ न सिर्फ पाकिस्तानी सेना, बल्कि पाकिस्तानी पुलिस भी एक्टिव है। अब एक बार फिर पाकिस्तानी पुलिस ने आतंकियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।
पुलिस ने किया 4 आतंकियों को किया ढेर
पाकिस्तानी पुलिस ने आज, मंगलवार, 17 फरवरी को जानकारी दी कि देर रात को सिंध (Sindh) प्रांत की राजधानी कराची (Karachi) के के शाह लतीफ टाउन इलाके में पुलिस ने काउंटर टेररिज़्म डिपार्टमेंट (सीटीडी) के साथ मिलकर जॉइंट ऑपरेशन चलाया और आतंकियों के ठिकाने में घुसकर हमला कर दिया। पुलिस और सीटीडी ने आतंकियों के ठिकाने में घुसकर गोलीबारी शुरू कर दी। आतंकियों ने भी जवाबी कार्रवाई की। हालांकि आतंकियों की एक न चली और पुलिस की गोलीबारी में 4 आतंकी ढेर हो गए। इनमें से एक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया और तीन ने अस्पताल ले जाते समय आखिरी सांस ली।
सीटीडी के 2 सदस्य घायल
आतंकियों के खिलाफ इस कार्रवाई में सीटीडी के 2 सदस्य घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार दोनों की ही स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
सर्च ऑपरेशन जारी
पुलिस ने जानकारी दी कि कई आतंकी इस दौरान भागने में कामयाब रहे। हालांकि पुलिस की टीम पूरे इलाके और आसपास एक्टिव है और आतंकियों को ढूंढने के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।


