पाक कर रहा था जंग रुकवाने की तैयारी, ऐन वक्त पर सऊदी अरब ने ट्रंप को उकसाया, ईरान युद्ध में एक और नया मोड़!

युद्ध के बीच ईरान से बड़ा मैसेज मिलने के बाद पाकिस्तान खुश हो गया है। दरअसल, ईरान की ओर से कहा गया है कि युद्ध रोकने को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उसके बीच पाकिस्तान में बातचीत हो सकती है।

इस पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान चल रहे युद्ध को खत्म करने के लिए अमेरिका और ईरान के बीच सार्थक और निर्णायक बातचीत में मदद करने के लिए तैयार और सम्मानित महसूस कर रहा है।

युद्ध रोकने के लिए पीछे से बन रही रणनीति

बता दें कि पाकिस्तान की ओर से यह घोषणा मिस्र और तुर्की के साथ मिलकर पश्चिम एशिया में शांति स्थापित करने के लिए पर्दे के पीछे से किए जा रहे प्रयासों के बारे में मीडिया रिपोर्टों के बाद की गई है।

शरीफ ने एक्स पोस्ट में कहा- पाकिस्तान, मध्य पूर्व में युद्ध को खत्म करने के लिए बातचीत के प्रयासों का स्वागत करता है और उन्हें पूरा समर्थन देता है। यह इस क्षेत्र और उससे बाहर भी शांति और स्थिरता के हित में है।

युद्ध नहीं रोकना चाहता सऊदी अरब

उधर, जंग के बीच एक और चौंका देने वाली खबर सामने आई है। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, सऊदी अरब के मोहम्मद बिन सलमान ने हाल की बातचीत के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई जारी रखने का आग्रह किया है। उन्होंने अमेरिका-इजराइल के इस अभियान को मध्य-पूर्व को नया रूप देने का एक ऐतिहासिक अवसर बताया है।

अमेरिकी अधिकारियों से जानकारी पाने वाले लोगों के इंटरव्यू पर आधारित इस रिपोर्ट में कहा गया है कि प्रिंस मोहम्मद ने पिछले एक हफ्ते के दौरान ट्रंप को ईरान के कट्टरपंथी नेतृत्व को गिराने के उद्देश्य से दबाव और बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया है।

सऊदी अरब ने रिपोर्ट को किया खारिज

हालांकि, सऊदी अधिकारियों ने इस बात को पूरी तरह से खारिज कर दिया है. उसने कहा कि सऊदी अरब ने हमेशा से ही इस विवाद के शांतिपूर्ण समाधान का समर्थन किया है। एक बयान में उन्होंने कहा कि सऊदी अरब, ट्रंप प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है और उसका रुख अभी भी वही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *