Pakistan Semi final Qualification Scenarios: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 इंग्लैंड से हार के बाद पाकिस्तान का मिशन सेमीफाइनल खतरे में पड़ गया है। अब उसके पास गलती करने की कोई गुंजाइश नहीं बची है। इसके साथ दूसरी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना होगा। इंग्लैंड के अब चार पॉइंट्स हैं और उसने ग्रुप-2 से सेमीफाइनल में जगह बना ली है, अब इस ग्रुप से शेष तीन टीमों पाकिस्तान, न्यूजीलैंड और श्रीलंका में से कोई एक टीम ही नॉकआउट में जगह बना सकती है। पाकिस्तान के लिए अब अगले चरण में पहुंचने का गणित सीधा है, क्योंकि उसके पास अब एक गेम ही बचा है, जो 28 फरवरी को पल्लेकेले में श्रीलंका के खिलाफ खेलना है। जहां उसके पास प्लस पॉइंट ये होगा कि अगर न्यूजीलैंड तीन अंकों पर अटकता है तो उसे यह पहले से पता होगा कि श्रीलंका के खिलाफ कितनी बड़ी जीत की दरकार होगी?
ग्रुप-2 में अगले दो मैच के बाद कुछ साफ होगी तस्वीर
पाकिस्तान अभी 2 मैचों के बाद 1 अंक पर है। न्यूजीलैंड के खिलाफ उसका पिछला मैच बारिश में धुल गया था। श्रीलंका पर जीत भी उन्हें सिर्फ तीन पॉइंट्स तक ले जा सकती है। इसका मतलब है कि वे सिर्फ अंकों के आधार पर क्वालीफाई नहीं कर पाएंगे, जब तक कि अन्य टीमों के नतीजे उनके पक्ष में न हों। ग्रुप-2 में अगले दो मैच (श्रीलंका बनाम न्यूजीलैंड और इंग्लैंड बनाम न्यूजीलैंड) यह तय करेंगे कि पाकिस्तान का आखिरी मैच असली शूटआउट होगा या सिर्फ फॉर्मेलिटी।
समीकरण-1: पाकिस्तान के लिए सबसे साफ रास्ता
पाकिस्तान के लिए सेमीफाइनल में पहुंचने का सबसे साफ राह ये है कि न्यूजीलैंड अपने बचे हुए दोनों मैच हार जाए। यानि वह 25 फरवरी को श्रीलंका और 27 फरवरी को इंग्लैंड से हार जाए तो न्यूजीलैंड सिर्फ एक अंक पर सिमट जाएगा। इसके बाद पाकिस्तान अपने आखिरी मैच में श्रीलंका को हराकर तीन अंकों के साथ सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लेगा। इस समीकरण में नेट रन रेट भी आड़े नहीं आएगा।
समीकरण-2: ये ज्यादा खतरनाक सिचुएशन
न्यूजीलैंड के साथ पाकिस्तान के अंक टाई होने पर ज्यादा खतरनाक सिचुएशन हो सकती है। इस समीकरण में अगर न्यूजीलैंड श्रीलंका को हरा देती है, लेकिन फिर इंग्लैंड से हार जाती है या फिर इसका उलट होता है तो कीवी टीम तीन अंकों पर खत्म करेगी। इस मामले में क्वालीफिकेशन नेट रन रेट पर तय होने की संभावना है। हालांकि पाकिस्तान के पास प्लस पॉइंट ये होगा कि उसे अपने आखिरी मैच से पहले यह पता होगा कि उसे कितनी बड़ी जीत चाहिए।
न्यूजीलैंड दोनों मैच जीता तो बाहर हो जाएगा पाकिस्तान
वहीं, अगर न्यूजीलैंड अपने बाकी दोनों मैच जीत जाता है तो वह इंग्लैंड के साथ क्वालीफाई कर जाएगा और पाकिस्तान अपने आखिरी सुपर-8 मैच से पहले ही सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो जाएगा। इसका मतलब साथ ही कि पाकिस्तान को जीत के साथ अपनी किस्मत पर भी निर्भर रहना होगा।


