पाकिस्तान भारत का ही हिस्सा…अदनान सामी ने विपक्ष को दिया करारा जवाब, मोहन भागवत संग खाया था खाना

पाकिस्तान भारत का ही हिस्सा…अदनान सामी ने विपक्ष को दिया करारा जवाब, मोहन भागवत संग खाया था खाना

Adnan Sami Reply To RSS Mohan Bhagwat Meal Controversy: संगीतकार और गायक अदनान सामी एक बार फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गए हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत के साथ डिनर की तस्वीरें सामने आने के बाद महाराष्ट्र कांग्रेस और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट) ने इसे लेकर कड़ी आपत्ति जताई। विपक्षी दलों ने इसे ‘राष्ट्रविरोधी’ करार देते हुए RSS पर सवाल उठाए। अब इस पूरे विवाद पर अदनान सामी ने खुलकर प्रतिक्रिया दी है और विपक्ष को साफ शब्दों में आगे बढ़ने की सलाह दी है।

अदनान सामी ने मोहन भागवत के साथ भोजन (Adnan Sami Reply To RSS Mohan Bhagwat Meal Controversy)

दरअसल, RSS के शताब्दी वर्ष के मौके पर मुंबई में आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान अदनान सामी ने मोहन भागवत के साथ भोजन किया था। इस मौके पर शिल्पा शेट्टी, रूपाली गांगुली और फिल्म निर्माता आरएस टौरानी समेत कई नामचीन हस्तियां मौजूद थीं। अदनान सामी ने खुद सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि मोहन भागवत से मुलाकात उनके लिए यादगार रही और उन्होंने कई भ्रांतियों को बेहद सहजता से दूर किया।

हालांकि, तस्वीरें सामने आते ही राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई। महाराष्ट्र कांग्रेस ने अदनान सामी के पारिवारिक इतिहास का हवाला देते हुए दावा किया कि उनके पिता पाकिस्तान वायुसेना में पायलट थे और 1965 के भारत-पाक युद्ध में शामिल रहे। पार्टी ने सवाल उठाया कि ऐसे व्यक्ति के साथ RSS प्रमुख का भोजन करना क्या सही संदेश देता है। वहीं शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने भी इस मुलाकात पर तंज कसते हुए आयोजन में मौजूद कुछ अन्य हस्तियों पर भी सवाल खड़े किए।

विपक्ष को अदनान सामी का जवाब

इस पर अदनान सामी ने एक्स पर एक लंबा पोस्ट लिखकर कांग्रेस और संजय राउत दोनों को जवाब दिया। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा- ‘माननीय महाराष्ट्र कांग्रेस के मेरे प्रिय, आदरणीय देशभक्त साथियों। अगर कोई आप पर उस दुखद विभाजन के लिए आरोप लगाए, जिसके लिए आपके पूर्वज जिम्मेदार थे, तो यह आपके साथ न्याय नहीं होगा, क्योंकि उनके कर्मों की जिम्मेदारी आप पर नहीं डाली जा सकती।’

उन्होंने कहा, ‘इसके बावजूद, आज आप पाकिस्तान को एक वैध राष्ट्र के रूप में स्वीकार करते हैं। वह कभी भारत का हिस्सा था और अब पाकिस्तान है… इसलिए जब एक वैध परिवर्तन कानूनी प्रक्रिया के तहत हो चुका हो, तो उसे स्वीकार कर आगे बढ़ जाना चाहिए। इसमें कोई संदेह? … ठीक उसी तरह, कृपया अब आगे बढ़िए…’

संजय राउत पर भी अदनान ने बोला हमला

इसके अलावा अदनान सामी ने संजय राउत को भी जवाब देते हुए कहा, ‘आप हारमोनियम जिस खराब और बेतरतीब तरीके से बजाते हैं, उसके लिए आपके प्रिय पिता को दोष देना मेरे लिए बेहद गलत होगा। आपकी उंगलियों की पकड़ पूरी तरह गलत और गलत जगह पर है! मैं खुशी-खुशी आपको सिखाने को तैयार हूं।

उन्होंने कहा, ‘मैं कोई राजनेता नहीं हूं, मैं एक संगीतकार हूं, जो अपने गीतों के जरिए प्रेम फैलाता है, और इसलिए जो मुझे प्रेम देता है, मैं उससे प्रेम करता हूं- मैं आप सब से भी प्रेम करता हूं… अगली बार प्रेम आजमाइए… बस इतना ही!’

RSS के इवेंट में कई बॉलीवुड सितारे

गौरतलब है कि RSS के शताब्दी समारोह में सलमान खान, करण जौहर, विक्की कौशल, रवीना टंडन समेत कई बड़ी फिल्मी हस्तियों की मौजूदगी भी चर्चा का विषय रही। इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि कला, संस्कृति और राजनीति की सीमाएं आखिर कहां खिंचनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *