पाकिस्तान का बड़ा कारनामा, 6 स्पिनर्स के दम पर कर दिया वो काम, जो टी20 वर्ल्डकप में कोई नहीं कर सका

पाकिस्तान का बड़ा कारनामा, 6 स्पिनर्स के दम पर कर दिया वो काम, जो टी20 वर्ल्डकप में कोई नहीं कर सका

Ind vs Pak T20 World Cup 2026: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्डकप 2026 के 27वें मुकाबले में भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने सामने हैं, जहां पाकिस्तान ने पहले गेंदबाजी करते हुए नया कीर्तिमान रच दिया। इस मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 175 रन बनाए हैं। इस दौरान पाकिस्तान की टीम ने अपने 6 स्पिनर्स का इस्तेमाल किया और ऐसा करने वाली वह टी20 वर्ल्डकप इतिहास की पहली टीम बन गई। टी20 वर्ल्डकप के इतिहास में इससे पहले किसी भी टीम ने एक पारी में 6 स्पिनर्स का इस्तेमाल नहीं किया था।

ईशान ने खेली शानदार पारी

इस मुकाबले में सलमान आगा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पाकिस्तान की टीम में सिर्फ एक तेज गेंदबाज शामिल था, जो शाहीन अफरीदी थे। भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और मैच की चौथी गेंद पर ही अभिषेक शर्मा आउट हो गए। इसके बाद ईशान किशन और तिलक वर्मा ने पारी को संभाला और दोनों के बीच 80 से अधिक रनों की अहम साझेदारी हुई। ईशान किशन 40 गेंदों में 77 रन बनाकर आउट हुए।

इसके बाद तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव ने पारी को आगे बढ़ाया, लेकिन रन गति थोड़ी धीमी हो गई। भारतीय टीम को 15वें ओवर में तीसरा झटका लगा, जब तिलक वर्मा 24 गेंदों में 25 रन बनाकर आउट हो गए। सूर्यकुमार यादव ने 29 गेंदों में 32 रन की पारी खेली, लेकिन उनका स्ट्राइक रेट भी सिर्फ 110 रहा। आखिर में शिवम दुबे ने तीन चौके और एक छक्के की मदद से 17 गेंदों में 27 रन बनाए, जबकि रिंकू सिंह ने चार गेंदों में 11 रन बनाकर भारतीय टीम का स्कोर 170 के पार पहुंचा दिया।

3 गेंदबाज लौटे खाली हाथ

पाकिस्तान की ओर से सैम अयूब ने चार ओवर में 25 रन देकर तीन विकेट चटकाए। सलमान आगा, शाहीन अफरीदी और उस्मान तारीक को एक-एक सफलता मिली। अबरार अहमद, शादाब खान और मोहम्मद नवाज ने भी गेंदबाजी की, लेकिन तीनों को कोई विकेट नहीं मिला। अब भारतीय टीम को यह मुकाबला जीतने के लिए 175 रन डिफेंड करने होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *