डीग कामां सड़क मार्ग पर गांव इंद्रोली के पास बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तीन अलग-अलग वाहनों की आपसी भिड़ंत में मोटरसाइकिल मॉडिफाइड रिक्शा चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो कारों में सवार आठ लोग घायल हो गए। घायलों में से तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें आरबीएम अस्पताल भरतपुर रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार डीग से कामां की ओर आ रही ब्रेजा कार ने आगे चल रहे मोटरसाइकिल मॉडिफाइड रिक्शा को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान ब्रेजा कार की रिक्शा से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ब्रेजा कार अनियंत्रित होकर कामां की ओर से डीग जा रही बलेनो कार से जा भिड़ी। तीन वाहनों की इस भीषण टक्कर में जुरहरा थाना क्षेत्र के गांव गांवड़ी निवासी 38 वर्षीय आमीन पुत्र अमर सिंह मेव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। ब्रेजा कार बलेनो से भिड़ी, रिक्शा टूटा ये हुए घायल… हादसे में ब्रेजा कार सवार कामां निवासी मोहित पुत्र तुलसीराम वैश्य और लक्ष्मी पत्नी हरिओम वैश्य गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं बलेनो सवार भरतपुर के गांव अजान निवासी सुरेंद्र सिंह पुत्र हरभान सिंह जाट दिल्ली में फुटवियर कंपनी में नौकरी करता है। वह अपनी ससुराल खोह में शादी समारोह में जा रहा था। हादसे में उसकी पत्नी श्यामा, पुत्रियां रुचि, प्रज्ञा, गौरी तथा पुत्र युवराज गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को आरबीएम अस्पताल रैफर किया है। वहीं मृतक रिक्शा चालक आमीन रिक्शा चलाकर परिवार का पोषण करता था।


