मंगलवार की शाम जिले के पनियरा थानाक्षेत्र में एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक पनियरा-कैंपियरगंज मार्ग पर ग्राम पंचायत डिंगुरी स्थित एक बागीचे के पास सड़क किनारे खड़ी धान लदी ट्राली से एक बाइक टकरा गई।
गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पनियरा ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही बदहवास परिजन मौके पर पहुँचे, पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में ले लिया।
अंधेरे में खड़ी धान लदी ट्राली से भीषण भिड़ंत, बाइक सवार दो की मौत
आसपास के लोगों ने बताया कि सड़क किनारे एक धान लदी ट्राली खड़ी थी। इसी दौरान करमहिया निवासी धर्मेंद्र सिंह और फरेंदा निवासी सनी शर्मा अपनी बाइक से मजूरी की ओर जा रहे थे। सनी शर्मा वर्तमान में बसडीला स्थित अपने ननिहाल में रहकर करमहिया तिराहे पर सैलून की दुकान चलाते थे।
रास्ते में अंधेरे में बिना रिफ्लैक्टर लगी ट्राली खड़ी थी, बाइक सवारों इसका अंदाजा नहीं लगा सके और सीधे ट्राली से टकरा गये टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोग इन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे जहां डोक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
बिना रिफ्लैक्टर के दौड़ते ट्रैक्टर ट्रालियां पर जनता आक्रोशित
परिजनों के मुताबिक मृतक धर्मेंद्र सिंह किराने की दुकान चलाते थे। उनके परिवार में पत्नी संगीता, बेटी सोनाक्षी और बेटा आलोक सिंह शामिल हैं। सनी शर्मा के परिवार में पत्नी तनू और दो छोटे बच्चे विराट और सम्राट हैं।
थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह ने इस संबंध में बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने इस बात पर कड़ी नाराजगी जाहिर की रात के अंधेरे में ट्रैक्टर ट्रालियां बिना रिफ्लैक्टर के दौड़ती रहती हैं, यही आज बाइक सवारों के लिए काल बन गई।


