‘हमारे नेता सायरन से जनता को डराते हैं’:राजगढ़ में प्रशिक्षण शिविर में भाजपा नेता बोले- समय आएगा तो जनता तुमको बजा देगी

‘हमारे नेता सायरन से जनता को डराते हैं’:राजगढ़ में प्रशिक्षण शिविर में भाजपा नेता बोले- समय आएगा तो जनता तुमको बजा देगी

राजगढ़ जिले के जीरापुर में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी की मंडल स्तरीय दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का समापन हो गया। समापन सत्र में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष और प्रशिक्षण कार्यशाला के प्रवक्ता बनवारी सोनी ने मंच से अपने ही पार्टी के नेताओं के तौर-तरीकों पर तंज कसा। अग्रवाल धर्मशाला में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने संगठन के भीतर अनुशासन, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और नेताओं के व्यवहार को लेकर खुलकर टिप्पणी की। सबसे पहले कार्यशाला में अपेक्षाकृत कम कार्यकर्ताओं की मौजूदगी को देखकर बनवारी सोनी ने मंच से ही नाराजगी जाहिर की और कहा कि प्रशिक्षण केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को विचारधारा से जोड़ने का माध्यम है। कहा- मैं जामवंत बनकर आया हूं
सोनी ने कहा कि याद रखना यह प्रशिक्षण केवल इस बात का है कि मैं केवल जामवंत बनकर आया हूं, हनुमानों को जगाने के लिए। याद रखना, 2037 में जब दादाजी-नानाजी बनेंगे, तब हमारे बच्चे पूछेंगे कि काकाजी, जब मोदी जी 2047 में विश्व गुरु बनाने का संकल्प लेकर आह्वान कर रहे थे, तब तुम बस स्टैंड पर धरना-प्रदर्शन करने क्यों गए? वो पूछेंगे हमारे बच्चे कि जब हमारी औलादें इस विषय को देखेंगी कि उस समय मोदी जी अपेक्षाकृत होकर हमारे बुजुर्गों को साथ देने की बात कर रहे थे, प्रशिक्षित नेता बाहर घूम रहे थे, कैसे विश्व गुरु बनेगा यह देश? यह विश्व गुरु तभी बनेगा जब हम ईमानदारी से यहां प्रशिक्षण ग्रहण कर हमारे विधायक जी, हमारे सांसद जी और हमारी पार्टी की ताकत बढ़ांगे। ‘हमारे नेता सायरन से जनता को डराते हैं’
उन्होंने कहा कि समय बहुत कठिन है, कांग्रेस में नेता नहीं हैं, उसके बाद भी अगर बराबरी से जीते, तो समझ लेना विरोध हो गया। और विरोध पैदा कौन करता है? विधायक जी विरोध पैदा नहीं करते, सांसद जी विरोध पैदा नहीं करते। हमारे नेता 7 लाख की बोलेरो आती है ना, उसमें कांच चढ़ा लेते हैं, और उस पर रखते हैं दो सायरन, और चू-चू, पू-पू करके निकलते हैं, क्षेत्र और जनता को डराते फिरते हैं। बजाओ, बजाओ सायरन, लेकिन जब समय आएगा ना तो जनता तुमको बजा देगी, फिर काहे का सायरन बजाओगे? इसलिए प्रशिक्षण करके भारतीय जनता पार्टी में संस्कार पैदा करो। भाजपा की असली ताकत कार्यकर्ता हैं
सोनी ने यह भी कहा कि भारतीय जनता पार्टी की असली ताकत उसके कार्यकर्ता हैं और संगठन को मजबूत बनाने के लिए प्रशिक्षण, अनुशासन और संस्कार जरूरी हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे व्यक्तिगत स्वार्थ से ऊपर उठकर संगठन के लिए काम करें और विधायक, सांसद तथा पार्टी नेतृत्व को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय राजनीतिक रूप से चुनौतीपूर्ण है। कांग्रेस में मजबूत नेतृत्व नहीं होने के बावजूद यदि मुकाबला कड़ा हो जाता है, तो इसके पीछे संगठन के भीतर पैदा होने वाला विरोध भी एक कारण हो सकता है। इसलिए जरूरी है कि कार्यकर्ता आपसी मतभेद छोड़कर संगठन को मजबूत करने के लिए काम करें। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और पार्टी की विचारधारा को समाज के बीच पहुंचाने का आह्वान किया, ताकि संगठन की ताकत और जनाधार दोनों मजबूत हो।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *