सीतापुर में समाज सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही अग्रवाल सभा सीतापुर ने मंगलवार को एक प्रेरणादायक पहल करते हुए शहर में पहली बार निशुल्क सामूहिक कन्या विवाह समारोह का भव्य आयोजन किया। “एक ईंट एक रुपया” के सेवा संकल्प को साकार करते हुए अग्रवाल सभा ने पांच जरूरतमंद जोड़ों का वैदिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न कराया, जो समाज में सहयोग और समर्पण की एक अनूठी मिसाल बन गया। यह ऐतिहासिक आयोजन अग्रवाल सभा के अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल के नेतृत्व में एससीएम सिनेमा हॉल बिजवार के पास स्थित रजवाड़ा लॉन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम को लेकर न केवल अग्रवाल समाज बल्कि पूरे शहर में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। समारोह में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पांचों जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ, जहां धार्मिक परंपराओं के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का सुंदर संगम देखने को मिला। अग्रवाल सभा के साथ महिला अग्रवाल सभा, मारवाड़ी युवा मंच एवं महिला मारवाड़ी युवा मंच की संयुक्त टीम ने दिन-रात की मेहनत से इस आयोजन को सफल बनाया। नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी की शुरुआत के लिए आवश्यक घरेलू सामग्री भी भेंट की गई, ताकि उनका भविष्य सुखद और आत्मनिर्भर बन सके। अग्रवाल सभा के अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल ने कहा कि “एक ईंट एक रुपया अमर रहे” के भाव को चरितार्थ करता यह आयोजन समाज के लिए प्रेरणा स्रोत बना। इस अवसर पर सभा के संरक्षकगण, पदाधिकारी, युवा व महिला मंडल के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और नवदंपतियों को आशीर्वाद प्रदान किया। कार्यक्रम में संरक्षक रामपति अग्रवाल, प्रेमचंद्र अग्रवाल, महेशचंद अग्रवाल, प्रहलाद राय अग्रवाल, जयप्रकाश भरतिया, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल सहित महिला सभा अध्यक्षा मंजू मुरारका, युवा मंडल अध्यक्ष वैभव बंसल, महामंत्री अंकित अग्रवाल सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। यह सामूहिक विवाह समारोह न केवल जरूरतमंद परिवारों के लिए संबल बना, बल्कि समाज में भाईचारे, सहयोग और सेवा भावना का सशक्त संदेश भी दे गया।


