रायसेन में कृषि विभाग ने जैविक हाट बाजार शुरू किया है। इसका उद्देश्य लोगों को कीटनाशक मुक्त और सुरक्षित सब्जियां उपलब्ध कराना है। यह बाजार हर रविवार को सागर रोड पर लगाया जा रहा है, जहां रायसेन और आसपास के किसान सीधे उपभोक्ताओं को अपनी ताजी जैविक सब्जियां बेच रहे हैं। रविवार को लगे इस हाट बाजार में लोगों ने जैविक सब्जियों के प्रति खासा उत्साह दिखाया। कुछ ही घंटों में किसानों की अधिकांश सब्जियां बिक गईं, जिससे किसानों में खुशी का माहौल रहा। उपभोक्ताओं ने रासायनिक मुक्त और ताजी सब्जियों को प्राथमिकता दी। जैविक खेती करने वाले किसान डॉ. योगेश पटेल ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि सामान्य बाजार में उनका बैंगन 5 रुपए प्रति किलोग्राम बिकता है, जबकि जैविक हाट में वही बैंगन 20 रुपए प्रति किलोग्राम के भाव से बिका। इससे उन्हें अपनी मेहनत का उचित दाम मिला। कृषि उप संचालक केपी भगत ने इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि इससे उपभोक्ताओं को स्वास्थ्यवर्धक सब्जियां मिलेंगी और किसान जैविक खेती के लिए प्रेरित होंगे। विभाग का प्रयास है कि आने वाले दिनों में यह हाट बाजार बुधवार को भी लगाया जाए। यह कदम किसानों को अपने उत्पाद बेचने के लिए दूर जाने की आवश्यकता को कम करेगा और उन्हें अधिक लाभ प्राप्त करने में मदद करेगा। साथी लोगों को रासायनिक मुक्त हरी सब्जियां उपलब्ध होगी। देखिए तस्वीरें…


