बलरामपुर के कोतवाली नगर क्षेत्र में एक व्यापारी के साथ नकली चांदी देकर 18 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित व्यापारी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आगरा जनपद के राठौड़ नाला पीपल मुंडी निवासी पवन कुमार राठौर ने नगर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी फर्म दीक्षा एंटरप्राइजेज चांदी के कारोबार से जुड़ी है। तीन नवंबर 2025 को मुकेश सर्राफ नामक व्यक्ति ने व्हाट्सएप के माध्यम से उनसे संपर्क किया। उसने चांदी के आभूषण बनाने के लिए लगभग 20 किलोग्राम माल का ऑर्डर दिया। आरोपी ने अपनी फर्म का नाम जायसवाल ज्वेलर्स श्री राधा कृष्ण वस्त्रालय बताते हुए एक विजिटिंग कार्ड व्हाट्सएप पर भेजा। इस कार्ड पर जीएसटी नंबर और भगवतीगंज स्थित दुकान का पता भी अंकित था। पवन कुमार राठौर ने ऑर्डर के अनुसार लगभग 16.299 किलोग्राम माल तैयार कराया, जिसमें 6.356 किलोग्राम शुद्ध चांदी थी, जिसकी कीमत करीब 18.35 लाख रुपये थी। आरोपी के कहने पर यह माल एससीएन लॉजिस्टिक के माध्यम से भेज दिया गया। बाद में आरोपी ने कच्ची चांदी के कुछ पार्ट और कागजात भेजे। जब व्यापारी ने इन पार्ट की शुद्धता की जांच कराई, तो वे सभी नकली निकले और उनकी शुद्धता शून्य पाई गई। इस पर जब आरोपी को फोन किया गया, तो उसने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देकर फोन काट दिया। पीड़ित ने बाद में गोरखपुर जाकर जानकारी जुटाई, तो पता चला कि आरोपी ने किसी अन्य व्यापारी की फर्म का नाम, जीएसटी नंबर और पता इस्तेमाल कर फर्जी विजिटिंग कार्ड बनवाया था। कोतवाली नगर पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर धोखाधड़ी, कूट रचना और धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपों की गहन जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


