पीपलखूंट उपखंड की ग्राम पंचायत रिछड़ी के खोरापाड़ा स्थित राजकीय प्राथमिक स्कूल का भवन जर्जर अवस्था में है। इसको देखते हुए राज्य सरकार ने इसे राजकीय स्कूल मालिया में मर्ज करने के निर्देश जारी किए गए। इसके बाद से ग्रामीणों का कहना है कि मालिया स्कूल की दूरी लगभग दो किलोमीटर है, जबकि बच्चों को घर से स्कूल आने-जाने में करीब तीन किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता है। इसलिए समस्त ग्रामवासियों और जनप्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए गांव के मेन रोड पर स्थित गोतम पिता हकरीया के निजी मकान में स्कूल संचालन का प्रस्ताव रखा है। यह रास्ता मुख्य सड़क से होकर गुजरता है, जहां घंटाली और चौराहा से माही डेम की ओर जाने वाले छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है। इससे बच्चों के साथ दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मकान में चार कमरे उपलब्ध हैं और छत का कार्य पूरा हो चुका है। लगभग 50 फीट क्षेत्रफल वाले इस भवन में स्कूल का संचालन सुचारू रूप से किया जा सकता है। ग्रामीणों ने बताया कि गोतम पिता हकरीया ने नया सरकारी भवन तैयार होने तक बिना किसी किराये के स्कूल संचालन की सहमति दी है।


