बिहार के भागलपुर में पत्नी के कथित अवैध संबंध का विरोध करना एक इंजीनियर पति को भारी पड़ गया। आरोप है कि पत्नी के प्रेमी ने उसे बीच सड़क पर बेरहमी से पीटकर लहूलुहान कर दिया। पीड़ित जूनियर इंजीनियर ने इस मामले में भागलपुर जिले के बरारी थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पत्नी के बॉयफ्रेंड ने पति की पिटाई
पुलिस को पूरी घटना बताते हुए पीड़ित इंजीनियर ने कहा कि उनकी पत्नी भागलपुर के मायागंज अस्पताल में जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी (GNM) पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सुजीत मंडल, जो उसी अस्पताल में अनुबंध पर डाटा ऑपरेटर है, के साथ उनकी पत्नी के पिछले तीन वर्षों से कथित अवैध संबंध हैं।
इंजीनियर के अनुसार, इस बात की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने कई बार सुजीत मंडल को समझाने की कोशिश की और पत्नी से दूर रहने को कहा, लेकिन वह नहीं माना। उल्टा उसने कई बार जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का यह भी आरोप है कि जब उन्होंने सख्ती दिखाई, तो आरोपी अपने परिवार में प्रभावशाली पुलिस अधिकारी होने का दावा कर उन्हें डराने और दबाव बनाने की कोशिश करता रहा।
इंजीनियर पर जानलेवा हमला
घटना के दिन का जिक्र करते हुए पीड़ित इंजीनियर ने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी की तलाश कर रहा था। इसी दौरान तिलका मांझी चौक के पास उसने अपनी पत्नी को आरोपी सुजीत मंडल के साथ जाते हुए देखा। जब उसने इसका विरोध किया, तो दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक हो गई।
आरोप है कि सुजीत मंडल ने पिस्टल के बट से इंजीनियर पर हमला कर दिया और उनके चेहरे पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, इंजीनियर के जमीन पर गिरने के बाद भी आरोपी उसकी पिटाई करता रहा।
हंगामा बढ़ता देख आसपास के लोगों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह दोनों को अलग किया और घायल इंजीनियर को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
यह घटना शुक्रवार की है। आरोपी की पहचान शहर के मारवाड़ी पाठशाला क्षेत्र निवासी सुजीत मंडल के रूप में हुई है, जो मायागंज अस्पताल में अनुबंध पर डाटा ऑपरेटर के पद पर कार्यरत है।


