एम्स भोपाल में भर्ती का मौका:सीनियर रेजिडेंट के 26 मार्च तक आवेदन और आईसीएमआर प्रोजेक्ट के लिए 8 अप्रैल को इंटरव्यू

एम्स भोपाल में भर्ती का मौका:सीनियर रेजिडेंट के 26 मार्च तक आवेदन और आईसीएमआर प्रोजेक्ट के लिए 8 अप्रैल को इंटरव्यू

AIIMS Bhopal में मेडिकल स्टूडेंट्स के लिए भर्ती का मौका आया है। सीनियर रेजिडेंट पदों पर 26 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकते हैं। साथ ही बैकलॉग पदों को भरने के लिए विशेष भर्ती अभियान भी जारी है। इसके अलावा आईसीएमआर प्रोजेक्ट के तहत संविदा भर्ती में 8 अप्रैल को इंटरव्यू होगा, जिसके लिए 3 अप्रैल तक आवेदन करना होगा। इन तीनों भर्तियों में अलग-अलग योग्यता, वेतन और चयन प्रक्रिया तय की गई है, जिससे मेडिकल और रिसर्च क्षेत्र में करियर बनाने का सुनहरा मौका मिल रहा है। 26 मार्च तक कर सकते हैं आवेदन एम्स भोपाल द्वारा सीनियर रेजिडेंट (नॉन-एकेडमिक) पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 14 मार्च 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक उम्मीदवार 26 मार्च 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। यह भर्ती अस्थायी आधार पर की जा रही है और इसे रोलिंग विज्ञापन के तहत संचालित किया जा रहा है, जिससे समय-समय पर रिक्त पद भरे जाएंगे। इस भर्ती के तहत ट्रॉमा एवं इमरजेंसी मेडिसिन, एंडोक्राइनोलॉजी, मेडिकल ऑन्कोलॉजी सहित कई सुपर स्पेशियलिटी विभागों में पद उपलब्ध हैं। एम्स प्रशासन के अनुसार पात्रता का निर्धारण साक्षात्कार की तिथि के आधार पर किया जाएगा। सीनियर रेजिडेंट के लिए योग्यता और जरूरी शर्तें उम्मीदवार के पास संबंधित विषय में एमडी, एमएस या डीएनबी जैसी मान्यता प्राप्त स्नातकोत्तर चिकित्सा डिग्री होना अनिवार्य है। साथ ही National Medical Commission या राज्य मेडिकल काउंसिल में वैध पंजीकरण भी जरूरी होगा। चयनित उम्मीदवारों को सातवें वेतन आयोग के लेवल-11 के अनुसार 67,700 रुपए मासिक वेतन दिया जाएगा। इसके अलावा अन्य भत्ते भी मिलेंगे। नियुक्ति शुरुआत में एक साल के लिए होगी, जिसे अधिकतम तीन साल तक बढ़ाया जा सकता है। कुछ मामलों में छह-छह माह के विस्तार का प्रावधान भी रहेगा। सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए आवेदन शुल्क 1500 रुपए निर्धारित किया गया है, जबकि एससी, एसटी और दिव्यांग अभ्यर्थियों को शुल्क में छूट दी गई है। चयन प्रक्रिया के तहत साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे, जिनकी तिथि और विभागवार कार्यक्रम संस्थान की वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। बैकलॉग पदों के लिए विशेष अभियान एम्स भोपाल ने सीनियर रेजिडेंट के बैकलॉग पदों को भरने के लिए विशेष भर्ती अभियान भी शुरू किया है। यह भर्ती भी अस्थायी आधार पर होगी और इसमें भी वही योग्यता, वेतनमान और चयन प्रक्रिया लागू होगी। इससे लंबे समय से खाली पड़े पदों को भरने में मदद मिलेगी। आईसीएमआर प्रोजेक्ट में संविदा भर्ती Indian Council of Medical Research (आईसीएमआर) ने वित्त पोषित एक शोध परियोजना के तहत भी एम्स भोपाल में भर्ती निकाली है। यह परियोजना “मायकोबैक्टीरियल पर्सिस्टेंस और ड्रग रेजिस्टेंस” पर केंद्रित है, जिसका संचालन ट्रांसलेशनल मेडिसिन विभाग में किया जा रहा है। इस प्रोजेक्ट के तहत प्रोजेक्ट टेक्निकल सपोर्ट-III के एक पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक उम्मीदवार 3 अप्रैल 2026 तक ईमेल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। साक्षात्कार 8 अप्रैल 2026 को सुबह 9:30 बजे एम्स भोपाल परिसर में आयोजित किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर अधिक उम्मीदवारों की स्थिति में लिखित परीक्षा भी ली जा सकती है। अनुभवी उम्मीदवारों को मिलेगी प्राथमिकता इस पद के लिए तीन वर्षीय स्नातक डिग्री के साथ तीन वर्ष का अनुभव या संबंधित विषय में स्नातकोत्तर डिग्री अनिवार्य है। टीबी डायग्नोस्टिक या रिसर्च लैब में कार्य अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। चयनित उम्मीदवार को प्रतिमाह 33,600 रुपए का समेकित वेतन दिया जाएगा। नियुक्ति प्रारंभ में 11 माह के लिए होगी, जिसे कार्य संतोषजनक होने पर आगे बढ़ाया जा सकता है। हालांकि यह नियुक्ति पूरी तरह अस्थायी होगी और इससे स्थायी नौकरी का कोई अधिकार नहीं मिलेगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *