पंजाब के बरनाला जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। रुड़ेके कला गांव में एक घर के आंगन से 5 किलो 800 ग्राम अफीम के हरे बीज बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले की जांच जारी है। थाना रुड़ेके कला को सूचना मिली थी कि जगरूप सिंह उर्फ रूप निवासी रुड़ेके ने गुरुसर रोड, रुड़ेके कला में एक मकान किराए पर लिया हुआ है। वह अपने घर के आंगन में अफीम के पौधे उगा रहा था। सूचना के अनुसार, इन पौधों में फलियां लगी हुई थीं और आरोपी अफीम की फलियां तोड़कर बेचने का काम करता था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान, पुलिस को घर के आंगन से 5 किलो 800 ग्राम हरे अफीम के बीज मिले। पुलिस ने जगरूप सिंह उर्फ रूप को तुरंत गिरफ्तार कर लिया।


