मिर्जापुर में ऑनलाइन ठगी, पुलिस ने 5.99 लाख रुपये लौटाए:आरोपी ने एयरफोर्स वर्दी लगाकर लोन कराकर की थी वारदात

मिर्जापुर में ऑनलाइन ठगी, पुलिस ने 5.99 लाख रुपये लौटाए:आरोपी ने एयरफोर्स वर्दी लगाकर लोन कराकर की थी वारदात

मिर्जापुर के अहरौरा थाना साइबर सेल ने ऑनलाइन ठगी के एक मामले में पीड़ित को 5.99 लाख रुपये वापस दिलाए हैं। आरोपी ने एयरफोर्स की वर्दी में फोटो लगाकर इस वारदात को अंजाम दिया था। मोहिउद्दीनपुर निवासी अजीत कुमार पुत्र रामराज पाल ने 26 फरवरी को साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने फेसबुक पर एयरफोर्स की वर्दी में पोस्ट और स्टेटस लगाकर उन्हें ऑनलाइन मार्केटिंग के जरिए व्यापार का लालच दिया। आरोपी ने पीड़ित के खाते में लगभग 6 लाख रुपये का लोन कराया और उसमें से 5,99,850 रुपये अपने खाते में स्थानांतरित कर लिए। शिकायत मिलने के बाद अहरौरा थाना साइबर सेल टीम ने मामले को एनसीआरपी (नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल) पर दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन मनीष मिश्र व क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के नेतृत्व में टीम ने संबंधित बैंक और मर्चेंट से संपर्क साधा। जांच के दौरान साइबर सेल टीम ने ठगी गई पूरी धनराशि 5,99,850 रुपये पीड़ित के खाते में वापस करा दी। धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित अजीत कुमार ने थाने पहुंचकर पुलिस अधिकारियों और साइबर सेल टीम का आभार व्यक्त किया। पुलिस टीम ने पीड़ित को साइबर जागरूकता अभियान के तहत ऑनलाइन ठगी से बचाव के बारे में भी जानकारी दी और अन्य लोगों को भी सतर्क रहने की सलाह दी। अहरौरा थाना साइबर सेल टीम में उपनिरीक्षक अजय मिश्र (थानाध्यक्ष अहरौरा), मुख्य आरक्षी नरेंद्र सिंह, आरक्षी पवन गुप्ता और महिला आरक्षी महिमा उपाध्याय शामिल थे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *