बोटाद जिले में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, आग से एक मजदूर की मौत

बोटाद जिले में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, आग से एक मजदूर की मौत

राजकोट. बोटाद जिले की बरवाला तहसील के बेला-टींबला गांव में शनिवार को पटाखा फैक्ट्री में अचानक विस्फोट के साथ आग लग गई। इस हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। फैक्ट्री मालिक सहित एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया।
जानकारी के अनुसार, जिस कमरे में विस्फोटक कच्चा माल रखा गया था, वहां अचानक आग लगी और जोरदार विस्फोट हुआ। इस कारण फैक्ट्री के शेड के टिन के पतरे लगभग 100 मीटर दूर खेतों में जा गिरे।घायलों के शरीर के अंग भी दूर तक जा गिरे और आसपास के इलाके में भूकंप जैसा झटका महसूस हुआ।
हादसे में मजदूर हार्दिक सोलंकी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं फैक्ट्री मालिक भूपत व्यास गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद भावनगर रेफर किया गया। एक अन्य मजदूर जयदीप साथला भी गंभीर रूप से झुलस गया, उसे बोटाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और बरवाला पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए बोटाद के पुलिस उपाधीक्षक और प्रांत अधिकारी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *