एक रात, एक राज… और खामोश कर दी गई एक ज़िंदगी, जानिए क्यों?

एक रात, एक राज… और खामोश कर दी गई एक ज़िंदगी, जानिए क्यों?

जालौन जिले के उरई क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है, जिसने पूरे इलाके में दहशत और हैरानी फैला दी है। कैलिया थाना क्षेत्र में 24 मार्च की रात ब्योना राजा मार्ग किनारे खंदक में जले हुए युवक का शव मिलने के मामले में पुलिस ने सास, पति समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि इस हत्याकांड की जड़ में प्रेम संबंध था।

पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने पुलिस लाइन में पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 24 मार्च की रात करीब 10 बजे राहगीरों ने खंदक में एक शव जलते देखा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आग बुझाकर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। अगले दिन शव की पहचान रेंढ़र थाना क्षेत्र के ऊमरी पुरा निवासी अमित जाटव के रूप में हुई।

शादी के बाद भी जारी था प्रेम प्रसंग

जांच में पता चला कि मृतक अमित का गांव की युवती शीतला से प्रेम संबंध था। हालांकि शीतला की शादी वर्ष 2025 में कैलिया कस्बा निवासी कुलदीप से हो चुकी थी, लेकिन इसके बावजूद दोनों के बीच बातचीत जारी रही। 23 मार्च को जब शीतला अमित से फोन पर बात कर रही थी, तभी उसके पति कुलदीप ने उसे देख लिया। पूछताछ में शीतला ने अपने प्रेम संबंध की बात स्वीकार कर ली।

सुनियोजित तरीके से रची गई हत्या की साजिश

इसके बाद कुलदीप ने अपनी पत्नी के जरिए अमित को घर बुलाने की योजना बनाई। शीतला के बुलाने पर अमित अपने दोस्त मनीष के साथ पहुंचा, लेकिन मनीष रास्ते में ही रुक गया और अमित अकेले घर पहुंचा। जैसे ही वह शीतला के कमरे में पहुंचा, पहले से सतर्क बैठी सास मिथलेशी ने उसे देख लिया और तुरंत कमरे की कुंडी बंद कर दी।इसके बाद मिथलेशी ने अपने बेटे कुलदीप और भतीजे अमित दोहरे को बुला लिया। चारों ने मिलकर युवक के मुंह में दुपट्टा ठूंस दिया और हथौड़े व डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपियों ने शव को बेडशीट और कंबल में लपेटा और बाइक से करीब दो किलोमीटर दूर ब्योना राजा रोड किनारे खंदक में फेंक दिया। पहचान छिपाने के लिए शव पर डीजल डालकर आग लगा दी गई। यह पूरी वारदात बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई थी।

वही शव मिलने के बाद पुलिस ने मृतक के पिता गिरजा शंकर की तहरीर पर दर्ज कर जांच शुरू की थी। इस दौरान मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने जगनपुरा रोड से सास, पति समेत चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हथौड़ा, डंडा, दो बाइक, हेलमेट, आधार कार्ड और अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस ने पूछताछ के बाद सभी को जेल भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *