गुरुग्राम जिले के सोहना में अपराध शाखा पुलिस ने अवैध हथियार रखने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक देशी कट्टा (पिस्टल) और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। सोहना अपराध शाखा टीम को सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए टीम ने रिठौज मोड़, भोंडसी (गुरुग्राम) क्षेत्र से युवक हितेश (20) को पकड़ा। हितेश त्यागी मोहल्ला, किला कॉलोनी बादशापुर (गुरुग्राम) का निवासी है। तलाशी लेने पर पुलिस को हितेश के पास से एक अवैध देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस मिला। आरोपी के खिलाफ थाना भोंडसी में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। सात हजार में खरीदा अवैध हथियार पुलिस पूछताछ में हितेश ने बताया कि उसने यह अवैध हथियार गुरुग्राम में एक अज्ञात व्यक्ति से लगभग 7 हजार रुपए में खरीदा था। उसने यह हथियार अपने पड़ोसियों के साथ चल रहे विवाद के कारण अपने पास रखा था। आरोपी पर पहले भी केस दर्ज आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच करने पर पता चला कि उसके खिलाफ गुरुग्राम जिले में पहले भी हत्या के प्रयास और लूट से संबंधित दो केस दर्ज हैं। पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश करेगी। मामले की आगे की जांच जारी है।


