पानी की टंकी से तांबा चोरी, एक आरोपी पकड़ा:ग्रामीणों ने पीटा, पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

पानी की टंकी से तांबा चोरी, एक आरोपी पकड़ा:ग्रामीणों ने पीटा, पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

धार के राजोद थाना क्षेत्र के रानीखेड़ी में 28 दिसंबर को पानी की टंकी से तांबे के तार चोरी का मामला सामने आया। वारदात के दौरान ग्रामीणों ने मौके पर एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि उसके अन्य साथी फरार हो गए। पुलिस ने बाद में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया। ग्रामीणों ने पकड़े गए आरोपी को रस्सी से बांधकर पीटा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। सूचना मिलने पर राजोद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को ग्रामीणों से छुड़ाकर थाने ले गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए राजोद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। बुधवार को पुलिस ने इस मामले में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 40 किलो तांबे का तार बरामद किया है, जिसकी बाजार कीमत करीब 30 हजार रुपए बताई जा रही है। इसके अतिरिक्त, 10 हजार रुपए नकद भी जब्त किए गए हैं। राजोद थाना प्रभारी राम सिंह राठौड़ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में झमक पिता छोगालाल जाट और सुनील पिता शांतिलाल राठौर शामिल हैं। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात कबूल की और बताया कि चोरी किए गए तांबे के तार उन्होंने निजाम पिता नवाब को बेचे थे। पुलिस ने माल खरीदने वाले आरोपी निजाम को भी गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। सभी आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और कानून को हाथ में न लें।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *