महिला दिवस पर गौरैया संस्थान ने किया होली मिलन समारोह:गोमतीनगर में पारंपरिक लोकगीतों की प्रस्तुति, महिलाओं का सम्मान

महिला दिवस पर गौरैया संस्थान ने किया होली मिलन समारोह:गोमतीनगर में पारंपरिक लोकगीतों की प्रस्तुति, महिलाओं का सम्मान

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर गौरैया संस्कृति संस्थान की ओर से गोमतीनगर के वास्तुखंड में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं के सम्मान और समाज में उनकी भूमिका पर चर्चा के साथ पारंपरिक लोकगीतों की मधुर प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया। संस्था की संस्थापक रंजना मिश्रा ने बताया कि होली मिलन समारोह का उद्देश्य समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और महिलाओं के सम्मान की भावना को मजबूत करना है। इस मौके पर बड़ी संख्या में लोगों ने एक-दूसरे के गिले-शिकवे भूलकर गीतों के माध्यम से होली की शुभकामनाएं दीं। पारंपरिक गीतों की शानदार प्रस्तुति दी कार्यक्रम में वरिष्ठ लोकगायिका विमल पंत, पदमा गिडवानी और रीना टंडन की उपस्थिति ने समारोह की शोभा बढ़ाई। लोक कलाकारों ने धमार, उलारा, चैती, चौताल, होली, रसिया और जवाबी होली जैसे पारंपरिक गीतों की शानदार प्रस्तुति दी। विशेष रूप से शिव जी की होली और रसिया गीतों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। रंजना मिश्रा ने बताया कि होली के अवसर पर इन पारंपरिक लोकगीतों को गाने की पुरानी परंपरा रही है, जो हमारी सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को भी अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *