Dalip Tahil Valentine Day Post: ‘वैलेंटाइन डे’ के मौके पर जहां सोशल मीडिया पर प्यार भरे मैसेज और गुलाबों की भरमार रही, वहीं बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता दलीप ताहिल इस खास दिन पर माफी मांगते हुए नजर आए। उन्होंने सोशल मीडिया पर प्यार का जिक्र करते हुए ऑफिशियली माफी मांगी। दलीप ताहिल का वैलेंटाइन पोस्ट क्यों इतना वायरल हो रहा है, चलिए जानते हैं।
इंस्टाग्राम पर शेयर किया पोस्ट (Dalip Tahil Valentine Day Post)
इंस्टाग्राम पर डाली गई इस पोस्ट में उन्होंने अपने फिल्मी किरदारों का जिक्र करते हुए हल्के-फुल्के अंदाज में स्वीकार किया कि बड़े पर्दे पर वो अक्सर उन प्रेम कहानियों के रास्ते की सबसे बड़ी दीवार बने, जिनका आखिर खुशियों में होना था। कभी सख्त पिता, कभी प्रभावशाली बिजनेसमैन तो कभी चालाक दुश्मन- उनकी स्क्रीन इमेज ने उन्हें रोमांस का सबसे बड़ा दुश्मन बना दिया।
‘ये रिश्ता मुझे मंजूर नहीं’
हिंदी सिनेमा में एक दौर ऐसा रहा जब प्रेम कहानियों में परिवार की असहमति एक अहम मोड़ हुआ करती थी। इस मोड़ पर अक्सर जो चेहरा सामने आता था, वो दलीप ताहिल का होता था। खासतौर पर कयामत से कयामत तक और बाजीगर जैसी फिल्मों में उन्होंने ऐसे किरदार निभाए जो युवा प्रेमियों के रास्ते में अड़चन बनते दिखे।
समय के साथ उनका सख्त संवाद एक तरह का सांस्कृतिक प्रतीक बन गया। दर्शकों के बीच यह छवि इतनी मजबूत हो गई कि जैसे ही वे पर्दे पर आते, लोगों को अंदाजा हो जाता कि अब प्रेम कहानी आसान नहीं रहने वाली।
चार दशक का सफर
करीब चालीस साल से ज्यादा लंबे करियर में दलीप ताहिल ने सिर्फ खलनायक या सख्त पिता की भूमिकाएं ही नहीं निभाईं, बल्कि कॉमेडी, थ्रिलर और राजनीतिक ड्रामा में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। उन्होंने बड़े पर्दे के साथ-साथ टीवी और अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स में भी काम किया।
हाल के वर्षों में वो ‘मिशन मंगल’ जैसी फिल्मों और वेब सीरीज होस्तेजिस में नजर आए, जहां उन्होंने अपने अनुभव और अभिनय की परिपक्वता से किरदारों को नई गहराई दी।


